Lucknow: पूर्वांचल न्यूज प्रिंट। योगी सरकार के तमाम प्रयासों के बावजूद उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण नहीं थम रहा है। केजीएमयू ने मंगलवार को 565 कोरोना सैंपल की जांच रिपोर्ट जारी की। इनमें से 12 नये पॉजिटिव केस पाये गये हैं। इनमें 9 लखनऊ में अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं, वहीं दो मरीज सीतापुर के व एक मरीज आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। सभी को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है, वहीं कानपुर में 55 साल के एक शख्स की कोरोना से मौत हुई है। संक्रमण के चलते ये शहर में पहली मौत है, यह मृतक कोरोना पॉजिटिव था और हाल ही में मुंबई से लौटा था। इस तरह यूपी में कोरोना मरीजों की संख्या 583 तक पहुंच गयी है। दूसरी तरफ राजधानी लखनऊ में मरीजों की संख्या 43 हो गयी।
प्राप्त समाचार के अनुसार स्वास्थय विभाग के मुताबिक राज्य में सोमवार को सबसे ज्यादा 104 मामले सामने आये हैं। ये कोरोना संक्रमण से अब तक सबसे ज्यादा एक दिन में मरीजो की संख्या है। इससे पहले आगरा में एक दिन में रिकॉर्ड 35 मरीज पॉजिटिव पाए गये थे, जबकि बस्ती में तीन माह की बच्ची कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। बस्ती से खबर चौकानेवाली है, प्रदेश में अब तक की सबसे कम उम्र की मरीज है। आगरा में प्रशासन स्थिति संभाल पाने में असफल दिखायी दे रहा है। जिले में अबतक कोरोना से तीन मौतें हो चुकी हैं। ये सभी महिलाएं हैं। मृतक तीनों महिलाएं जांच रिपोर्ट में पॉजिटिव पायी गयी थी। आगरा में सोमवार को 39 लोगों में कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई थी। इससे कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या शहर में बढकर देर शाम 142 पहुंच गई।