जिले में 6 से 25 सितंबर तक परिवार मिशन विकास कार्य और साथ ही परिवार नियोजन सेवा 13 सितम्बर से एक पखवाड़ा आयोजित किया जायेगा।
![]() |
सांकेतिक फोटो, pnp |
रोहतास/ सासाराम । जिले में 6 से 25 सितंबर तक परिवार मिशन विकास कार्य और साथ ही परिवार नियोजन सेवा 13 सितम्बर से पखवाड़ा आयोजित किया जायेगा।
इस संबंध में राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक संजय कुमार सिंह ने पत्र जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया है। जारी पत्र में कहा गया है कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों पर महिला बंध्याकरण के लिए एक एपैनेल्ड सर्जन तथा पुरुष नसबंदी सेवा सुनिश्चित करने के लिए एनएसवी सर्जन अनिवार्य रूप से मौजूद रहेंगे।
साथ ही सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश के अनुसार बंध्याकरण तथा नसबंदी की गुणवत्तापूर्ण सेवा के तहत प्री ऑपरेटिव तथा पोस्ट ऑपरेटिव केयर के लिए मेडिकल टीम गठित कर निःशुल्क सेवा सुनिश्चित की जायेगी। अभियान के दौरान परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी पर जोर दिया जाएगा।
माइक्रो प्लान बनाकर अभियान को किया जायेगा सफल
मिशन परिवार विकास अभियान का आयोजन अस्पताल एवं स्वास्थ्य संस्थानों में आयोजित किया जायेगा। अभियान विभिन्न चरणों में संपादित होगा। इससे पूर्व एक सितंबर से चार सितंबर तक अभियान के संचालन के लिए एक कार्ययोजना तैयार की जायेगी। इसके बाद दंपति संपर्क सप्ताह, परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा, परिवार नियोजन दिवस का आयोजन किया जायेगा। अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अपनी अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित विभाग के जिलास्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
प्रखंड स्तर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी की अध्यक्षता में यह बैठक की जायेगी। प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन कर मिशन परिवार विकास अभियान के दौरान इच्छुक तथा योग्य दंपतियों को परिवार कल्याण के अस्थाई एवं स्थाई उपाय अपनाने के लिए उत्प्रेरित किया जायेगा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सभी एएनएम तथा आशा को पखवाड़ा संबंधित जानकारी दी जायेगी।
पुरुषों की भागीदारी पर ज्यादा जोर की रणनीति
सिविल सर्जन डॉक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि विभागीय आदेश के अनुसार 6 सितंबर से लेकर 25 सितंबर तक मिशन परिवार विकास कार्यक्रम के तहत परिवार नियोजन सेवा पखवाड़े के तहत महिला बंध्याकरण के साथ-साथ पुरुष नसबंदी पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान में गुणवत्तापूर्ण सेवा एवं निशुल्क सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस अभियान में जागरूकता चलाकर पुरुष नसबंदी पर अधिक जोर दिया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए जिला स्वास्थ समिति माइक्रो प्लान के तहत कार्य करेगी और अभियान को सफल बनाएगी।