Crime News : बक्सर में मुखिया पति की गोली मारकर हत्या , दो परिजन भी घायल

Crime News : बक्सर में मुखिया पति की गोली मारकर हत्या , दो परिजन भी घायल

Bihar News | औद्योगिक थाना अंतर्गत अपराधियों ने खूंटहां पंचायत के मुखिया खुशबू देवी के पति की गोली मारकर हत्या कर दी। इस दौरान मुखिया पति के दो अन्य को भी गोली लगी है।

सांकेतिक  फोटो 

बक्सर। बिहार में बक्सर जिले के औद्योगिक थाना अंतर्गत अपराधियों ने खूंटहां पंचायत के मुखिया खुशबू देवी के पति की गोली मारकर हत्या कर दी। इस दौरान मुखिया पति के दो अन्य को भी गोली लगी है। यह घटना आपसी वर्चस्व की लड़ाई बताया जा रहा है। वर्तमान मुखिया के पति पूर्व मुखिया भी रहे हैं।


पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को यहां बताया कि बुधवार की देर रात खूंटहां पंचायत की वर्तमान मुखिया खुशबू देवी के पति व पूर्व मुखिया धर्मेंद्र कुमार सिंह (38) मंझरिया गांव स्थित अपने पैतृक निवास से कुछ ही दूरी पर बनाए गए दुर्गा पूजा पंडाल में प्रसाद का वितरण कर रहे थे, तभी अपराधियों ने पहले उनके चचेरे भाई राजेश सिंह (46) को गोली मार दी। जब गोली की आवाज सुनकर उनके भतीजे अजय सिंह (26) वहां पहुंचे तब अपराधियों ने उन्हें भी गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर धर्मेंद्र सिंह जब मौके पर पहुंचे जहां बदमाशों ने उनकी भी गोली मारकर हत्या कर दी। 


बताया जाता है कि गोली की तड़तड़ाहट की आवाज सुनकर लोग जब निकले तो अपराधी भाग चुके थे। आनन फानन में सभी घायलों को ग्लोबल अस्पताल पहुंचाया गया।  जहां धर्मेंद्र सिंह स्थिति देखकर रेफर कर दिया गया।  तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। उनके ही परिवार के सदस्य राजेश व अजय का इलाज चल रहा है।  इन्हें पैर व कमर में गोली लगी है। घटना के बाद  पूरे गांव में फोर्स तैनात कर दी गयी है। 


उधर, औद्योगिक थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि गोलीबारी की असल वजह तलाश की जा रही है। जल्द ही अपराधियों को पकड़ा जाएगा।


सबसे विश्वसनीय पूर्वांचल का हिंदी न्यूज़ वेबसाइट पूर्वांचल न्यूज़ प्रिंट | For more related stories, follow: News in Hindi -👉 Facebook, 👉Twitter.  👉 Instagram 👉 Teligram.