प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तीखा बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि पहले नौकरी के नाम पर सैफई खानदान वसूली करता था |
![]() |
योगी आदित्यनाथ |
👉प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में यूपी के मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर बोला तीखा हमला
अलीगढ़। यहां राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी मैदान में शुक्रवार को आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। कहा- पहले नौकरी के नाम पर सैफई खानदान वसूली करता था। आज भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के माध्यम से बिना भेदभाव के युवाओं को योग्यता के आधार पर नौकरी देने का काम हो रहा है। पूर्व की सरकारों में भ्रष्टाचार चरम पर था, आज विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।
दो करोड़ युवाओं को बांटे जा रहे स्मार्टफोन
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि हर गरीब को मकान उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्हें 45 लाख आवास दिया जा चुका है। युवा वर्ग नौकरी के नाम पर परेशान नहीं है। दो करोड़ युवाओं को स्मार्टफोन बांटे जा रहे हैं और दो करोड़ 70 लाख गरीबों को शौचालय मुहैया कराया गया। स्वास्थ्य, सड़क बिजली, शिक्षा और स्वच्छता पर धड़ल्ले से काम हो रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी में सबको सम्मान मिल रहा है। गरीबों, महिलाओं और व्यापारियों के सम्मान की रक्षा और सुरक्षा देने का काम डबल इंजन की सरकार कर रही है। अलीगढ़ में विकास हो रहा है, परम्परागत उद्योगों को बढ़ावा मिला है । यहां के उद्यमियों के बनाये गए उत्पादों को वैश्विक स्तर पर पहचान मिल रही है।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महाराजा महेन्द्र प्रताप के नाम पर बन रहा विश्वविद्यालय
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आज देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। अलीगढ़ में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महाराजा महेन्द्र प्रताप के नाम पर विश्वविद्यालय बन रहा है। विश्वविद्यालय में डिफेंस स्टडी का कोर्स भी संचालित किया जायेगा। देश का सबसे बड़ा एअरपोर्ट जेवर यहीं पर बन रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था देश के लिए एक नजीर बनी हुयी है। आज कहीं भी दंगा नहीं होता है , जिन दंगाईयों को दंगा करने का संरक्षण मिलता था वे आज ठेला लगाने का काम कर रहे हैं।
योगी ने कहा कि यह नया उत्तर प्रदेश है। जो हर व्यक्ति को सम्मान के साथ जीने का अधिकार देता है , अगर कोई किसी गरीब को परेशान करने का काम किया तो उसका जीना हराम कर दिया जाता है। प्रबुद्ध वर्ग के सम्मेलन को अलीगढ़ के सांसद सतीश गौतम ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में पहुंचते ही मुख्यमंत्री का स्थानीय नेताओं व विधायकों ने भव्य स्वागत किया।