लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है | जिले के चहनियां ब्लॉक प्रमुख अरुण जयसवाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए 66 ब्लॉक क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) सदस्यों ने जिलाधिकारी को पत्रक सौंपा।
![]() |
जिलाधिकारी को पत्रक सौंपा |
चंदौली | लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है. जिले के चहनियां ब्लॉक प्रमुख अरुण जयसवाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए 66 ब्लॉक क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) सदस्यों ने जिलाधिकारी को पत्रक सौंपा। इस दौरान सभी ने अविश्वास प्रस्ताव का हस्ताक्षरयुक्त वक्तव्य डीएम टीकाराम फुंडे को सौंपा और इसे जल्द से जल्द लागू करने का अनुरोध किया | प्रखंड प्रमुख पर बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया गया |
महुआरी बीडीसी नरेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि चहनिया ब्लॉक प्रमुख अरुण जयसवाल द्वारा विवेकाधीन कार्य किया जा रहा है। बीडीसी सदस्यों पर भरोसा न करते हुए उनके द्वारा कई कार्य अनियमित ढंग से कराये गये। इसके अलावा ब्लॉक मुख्यालय पर बैठक आयोजित करते समय बीडीसी सदस्यों के प्रस्तावों को नजरअंदाज कर दिया जाता है।
![]() |
चहनिया ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव, कई गंभीर आरोप |
इसके अलावा क्षेत्र पंचायत की बैठक के दौरान ब्लाक प्रमुख द्वारा सदस्यों के फर्जी हस्ताक्षर कराकर कार्ययोजना प्रस्तावित कर दी गई। उनके पास इसका सबूत है | आरोप है कि ब्लॉक प्रमुख की कार्यशैली से क्षेत्र पंचायत सदस्यों में आक्रोश व्याप्त है। ऐसे में लोगों ने लामबंद होकर ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास लाने के लिए 66 सदस्यों का हस्ताक्षर युक्त आवेदन पत्र डीएम को सौंपा।
डीएम ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। जल्द ही क्षेत्र के सभी पंचायत सदस्य लामबंद होकर डीएम के सामने परेड करेंगे और ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित करेंगे। इस दौरान कलीम अहमद, देवेन्द्र यादव, तमन्ना बेगम, अरविन्द यादव, सुरेंद्र यादव, अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।