उत्तर प्रदेश के रायबरेली संसदीय क्षेत्र के दौलतपुर गांव इलाके में शुक्रवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में समाजवादी पार्टी के बागी विधायक मनोज कुमार पांडेय बीजेपी में शामिल हो गये।
रायबरेली , पूर्वांचल न्यूज़ प्रिंट | उत्तर प्रदेश के रायबरेली संसदीय क्षेत्र के दौलतपुर गांव इलाके में शुक्रवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में समाजवादी पार्टी के बागी विधायक मनोज कुमार पांडेय बीजेपी में शामिल हो गये।
भाजपा उम्मीदवार दिनेश प्रताप सिंह के समर्थन में आये गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में सपा के ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र से चुने गए बागी विधायक मनोज कुमार पांडेय भाजपा में शामिल हो गए है। मनोज पांडे के राजनीतिक कद का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इधर चंद दिनों पहले गृह मंत्री यहां स्थित निवास स्थान पर भी गए थे।
इसके पहले उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी मनोज पांडे के निवास उनसे मिलने जा चुके है। गौरतलब है कि मनोज कुमार पांडेय तीन बार से ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी से विधायक चुने गए हैं। सपा की सरकार में वह कैबिनेट मंत्री भी रहे है।
एक समय श्री पांडेय मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव के बेहद करीबी माने जाते थे बाद में उनके सपा से कुछ मतभेद हो गए लेकिन वह आज भी ब्राह्मण वर्ग का दमदार चेहरा माने जाते है। विधायक होने के पहले वह रायबरेली नगर पालिका के चेयरमैन भी रहे हैं।