यूपी में प्री-मानसून की बारिश जारी है। मंगलवार को मथुरा, आगरा और वाराणसी समेत 12 जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई।
लखनऊ/ पूर्वांचल न्यूज़ प्रिंट।: यूपी में प्री-मानसून की बारिश जारी है। मंगलवार को मथुरा, आगरा और वाराणसी समेत 12 जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। लखनऊ में सुबह से ही बादल छाए रहे। ठंडी पुरवाई हवा का असर बरकरार रहा। दोपहर बाद बीकेटी-पीजीआई समेत कई इलाकों में बारिश हुई और तेज हवाएं चलीं। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री कम 37.6 डिग्री रहा। इसी तरह न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री दर्ज किया गया।
सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री कम 35.7 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक 29 डिग्री रहा। रविवार को अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री दर्ज किया गया। शनिवार को अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री दर्ज किया गया।
मंगलवार रात मथुरा में करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई। बांके बिहारी मंदिर जाने वाली सड़क पर पानी भर गया। राधा बल्लभ मंदिर के पास की दुकानों में भी पानी भर गया। दुकानों में रखा सामान खराब हो गया। होली गेट, नया बस स्टैंड, पुराना बस स्टैंड, भूतेश्वर और बीएसए कॉलेज रोड जैसे बड़े इलाके कमर तक पानी में डूब गए।
आगरा में शाम को आसमान में काले बादल छा गए। दिन में अंधेरा छा गया। लोगों को अपने वाहनों की हेडलाइट जलानी पड़ी। तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। ताजमहल देखने आए पर्यटकों ने बारिश का लुत्फ उठाया। बच्चे भीगते हुए खेलते नजर आए। बारिश के बीच ताजमहल भी चमक उठा। दोपहर बाद वाराणसी में तेज बारिश हुई। इसके बाद से ही मौसम में बादल छाए हुए हैं।
एनसीआर में भी मौसम ने करवट बदली है। नोएडा और गाजियाबाद में भी तेज बारिश हुई। बुलंदशहर में करीब एक घंटे की बारिश से सड़कें जलमग्न हो गईं। बच्चे भीगते हुए मस्ती करते नजर आए। लखनऊ में बादलों की तलाश जारी है। लखनऊ में दिन का तापमान 36 डिग्री दर्ज किया गया। रात में बारिश होने की 57 फीसदी संभावना है।
इधर, देवरिया में बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। दो बच्चे झुलस गए। इस बीच, 48 घंटे में आंधी-बारिश से 42 लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने आज 54 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। इनमें से 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार को 46 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई।
सबसे ज्यादा 149 मिमी बारिश बरेली में दर्ज की गई। 6 घंटे की बारिश में कॉलोनियों और हाईवे पर घुटनों तक पानी भर गया। बरेली में कई जगह बिजली गिरी। आंवला तहसील में बिजली गिरने से छत में छेद हो गया। धमाका सुनकर घर के लोग बाहर निकल आए। कुछ देर बाद जब छत पर देखा तो वहां छेद था।
दूसरी ओर, प्रदेश में गर्मी का प्रकोप पहले ही कम हो चुका है। सोमवार को किसी भी शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार नहीं गया। वाराणसी सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री दर्ज किया गया। उसके बाद जौनपुर 39.1 डिग्री के साथ दूसरे नंबर पर रहा।
18 जून को 13 जिलों में भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने बुधवार को चंदौली, सोनभद्र, मिर्जापुर, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर, बलिया, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और श्रावस्ती में भारी बारिश का अनुमान जताया है। इस दौरान बिजली गिरने की भी संभावना है।
अगले 5 दिन गर्मी18 जून: मानसून की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश/वज्रपात की संभावना है।19 जून: कई स्थानों पर बारिश/वज्रपात की संभावना है।20 जून: लगभग सभी स्थानों पर बारिश/गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।21 जून: कई स्थानों पर बारिश/गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।22 जून: पश्चिम-पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।17 से 20 जून तक उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगा मानसून
मौसम विभाग का अनुमान है कि 17 से 20 जून तक बिहार से कुशीनगर और गोरखपुर होते हुए उत्तर प्रदेश में मानसून प्रवेश करेगा। पिछली बार मानसून के 20 जून को आने की उम्मीद थी, लेकिन यह 10 दिन की देरी से आया। मानसून तय समय से दो दिन पहले यानी 30 मई को केरल में प्रवेश कर गया।