भारतीय शुभांशु शुक्ला तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के साथ फ्लोरिडा स्थित नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से एक्सिओम-4 मिशन के लिए रवाना हो गए हैं।
नई दिल्ली: भारतीय शुभांशु शुक्ला तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के साथ फ्लोरिडा स्थित नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से एक्सिओम-4 मिशन के लिए रवाना हो गए हैं। इस मिशन का नेतृत्व शुभांशु शुक्ला कर रहे हैं। अंतरिक्ष में पहुंचते ही उन्होंने देश के नाम अपना पहला संदेश भेजा, जिसमें उन्होंने कहा, "मेरे कंधे पर तिरंगा है और पूरा देश मेरे साथ है।" मिशन पर रवाना होने से पहले उन्होंने सभी का आभार जताया।
इस मिशन में क्रू कंपनी के फाल्कन 9 रॉकेट और स्पेसएक्स के नए ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट का इस्तेमाल किया गया है। अंतरिक्ष में पहुंचने के बाद शुभांशु ने देशवासियों के नाम अपना पहला संदेश साझा किया।
अंतरिक्ष से शुभांशु शुक्ला का देश को संदेश
भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने कहा, "नमस्ते, मेरे प्यारे देशवासियों! 41 साल बाद हम फिर से अंतरिक्ष में पहुँचे हैं। यह एक अविस्मरणीय यात्रा है। हम 7.5 किलोमीटर प्रति सेकंड की गति से पृथ्वी की परिक्रमा कर रहे हैं। मेरे कंधों पर तिरंगा मुझे याद दिलाता है कि मैं आप सभी के साथ हूँ। यह अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की मेरी यात्रा नहीं है, बल्कि भारत के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम की शुरुआत है। मैं चाहता हूँ कि आप सभी इस ऐतिहासिक यात्रा का हिस्सा बनें और आप सभी को भी गर्व महसूस हो। आइए, हम सब मिलकर भारत के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम को नई ऊंचाइयों पर ले जाएँ।"
एक्सिओम-4 मिशन में भाग लेने वाले शुभांशु शुक्ला के परिवार में खुशी का माहौल है। परिवार ने कहा कि उन्हें अपने बेटे की उपलब्धि पर गर्व है। परिवार ने खुशी जताते हुए कहा, "आज शुभांशु की वजह से हमारा सीना गर्व से चौड़ा हो गया है।"