कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को शिमला के आईजीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें कुछ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थीं। मुख्यमंत्री के सहयोगी नरेश चौहान ने यह जानकारी दी।
पूर्वांचल न्यूज़ प्रिंट / शिमला: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को स्वास्थ्य समस्याओं के चलते हिमाचल प्रदेश के शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) में भर्ती कराया गया है। यह जानकारी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रेस सहयोगी नरेश चौहान ने दी।
नरेश चौहान ने बताया कि सोनिया गांधी को नियमित जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया है। मेडिकल टीम उनकी जांच कर रही है और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पूरी तरह से स्थिर है। सोनिया गांधी फिलहाल अस्पताल में निगरानी में हैं और उनके स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
नियमित जांच, घबराने की जरूरत नहीं
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोनिया गांधी पिछले कुछ दिनों से हिमाचल में हैं। यह जांच पहले से तय थी। हालांकि, कोई गंभीर मामला सामने नहीं आया है। वहीं, अस्पताल परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। आईजीएमसी के डॉक्टरों ने कहा है कि यह रूटीन चेकअप है और घबराने की जरूरत नहीं है। गांधी परिवार ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। लेकिन पार्टी सूत्रों का दावा है कि सोनिया गांधी पूरी तरह ठीक हैं और जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।
कुछ दिन पहले शिमला पहुंची थीं
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, सोनिया गांधी हाल ही में आराम करने के लिए शिमला पहुंची थीं, लेकिन इस दौरान उनकी तबीयत फिर से बिगड़ने लगी। सोनिया गांधी 78 साल की हैं। उनकी मेडिकल मॉनिटरिंग और रूटीन चेकअप जारी है। कांग्रेस समय-समय पर उनकी सेहत की जांच और देखभाल के लिए कदम उठाती रही है।
जब भी सोनिया गांधी अस्पताल में भर्ती होती हैं, तो उनके बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा हमेशा उनके साथ अस्पताल में मौजूद रहते हैं और उनके इलाज पर नजर रखते हैं। इस बार भी उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बाद दोनों के शिमला पहुंचने की उम्मीद है।