बालिका के साथ दुष्कर्म के बाद हुई हत्या के मामले के आरोपियों को अलीनगर पुलिस ने शुक्रवार को रेवसा ओवर ब्रिज के पास मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया।
पूर्वांचल न्यूज़ प्रिंट /ब्यूरो चीफ दिवाकर राय: अलीनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में बीते सोमवार को 6 वर्षीया बालिका के साथ दुष्कर्म के बाद हुई हत्या के मामले के आरोपियों को अलीनगर पुलिस ने शुक्रवार को रेवसा ओवर ब्रिज के पास मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। तत्पश्चात पुलिस ने घायल दोनों आरोपियों और हेड कांस्टेबल रोशन यादव को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज के लिए भर्ती कराया। जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
उक्त मामले में पुलिस ने घटना के दूसरे दिन ही तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी। जिसमें जांच के दौरान दो आरोपी गांव के ही रंजीत बिंद और लखन बिंद दोषी पाए गए थे। जिन्होंने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार भी कर ली थी। पूछताछ के बाद आलू मिल चौकी प्रभारी अनिल कुमार यादव, हेड कांस्टेबल रोशन कुमार यादव और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ उन्हें चंदौली न्यायालय में पेशी पर ले जा रहे थे। रिंग रोड के समीप पुलिस के वाहन में तकनीकी खराबी आ गई। जब पुलिसकर्मी वाहन से उतर कर गाड़ी की खराबी देखने लगे। इसी बीच रंजीत बिंद एसआई अनिल कुमार यादव की सर्विस रिवाल्वर लेकर भागने लगा। जिन्होंने करीब 400 मीटर दूर रेलवे ओवरब्रिज के पास पुलिस टीम पर फायर किया। जिसमें रोशन कुमार यादव के बाएं हाथ में गोली लगी। वहीं पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में भी गोली लगी। जिससे दोनों घायल हो गए। और मौके से भाग नहीं सके। जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घायलावस्था में दोनों आरोपियों और हेड कांस्टेबल रोशन को इलाज के लिए नियामताबाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार और मेडिकल जांच के बाद उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। इस बाबत सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपी पेशी पर जाते समय दरोगा की रिवाल्वर लेकर भाग रहे थे। जिन्हें मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। बताया कि दोनों आरोपी गांव के ही हैं। जिन्होंने पूछताछ में बताया कि उन्होंने अत्यधिक शराब और गांजे का सेवन किया था। नशे की हालत में दोनों ने इस कृत्य को अंजाम दिया।

