मौद्रिक नीति और सुधारों पर RBI के बयान के बाद बुधवार को घरेलू शेयर बाजारों में जोरदार तेजी देखी गई। बीएसई सेंसेक्स लगातार आठ सत्रों की गिरावट से उबरते हुए लगभग 716 अंक ऊपर चढ़ा।
मुंबई। मौद्रिक नीति और सुधारों पर RBI के बयान के बाद बुधवार को घरेलू शेयर बाजारों में जोरदार तेजी देखी गई। बीएसई सेंसेक्स लगातार आठ सत्रों की गिरावट से उबरते हुए लगभग 716 अंक ऊपर चढ़ा। केंद्रीय बैंक ने आज बैंकिंग क्षेत्र में सुधार और ऋण लेने की प्रवृत्ति को बढ़ावा देने के लिए कई प्रस्तावों की घोषणा की। इससे निजी बैंकों के शेयरों में उल्लेखनीय तेजी आई।
टाटा मोटर्स के वाणिज्यिक और यात्री वाहन व्यवसायों को अलग करने की रिकॉर्ड तिथि की घोषणा के बाद उसके शेयरों में 5.54% की वृद्धि हुई। सेंसेक्स 715.69 अंक (0.89%) बढ़कर 80,983.31 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE ) का निफ्टी 50 सूचकांक भी 225.20 अंक या 0.92% बढ़कर 24,836.30 पर पहुँच गया। मिडकैप और स्मॉलकैप कंपनियों में भी समान लाभ दर्ज किया गया।
निफ्टी मिडकैप 50 इंडेक्स में 0.87% और स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में 1.10% की बढ़ोतरी हुई। एनएसई पर, निजी बैंकिंग क्षेत्र में 1.97% और फार्मास्युटिकल क्षेत्र में 1.30% की वृद्धि हुई। निवेशक स्वास्थ्य सेवा, रियल एस्टेट, ऑटोमोटिव, आईटी और तेल एवं गैस क्षेत्रों को लेकर भी आशावादी थे। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को छोड़कर, अन्य सभी क्षेत्रों में लाभ दर्ज किया गया।
NSE पर जिन 3,159 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, उनमें से 2,199 के शेयर बढ़त के साथ और 875 के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि शेष 85 के शेयर अपरिवर्तित रहे। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 22 के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। टाटा मोटर्स में सबसे अधिक 5.54% की वृद्धि हुई। कोटक महिंद्रा बैंक में 3.45%, ट्रेंट बैंक में 3.31%, सन फार्मा में 2.58% और एक्सिस बैंक में 2.43% की वृद्धि हुई।
ICICI बैंक के शेयर 1.77%, HDFC बैंक के शेयर 1.48%, अदानी पोर्ट्स के शेयर 1.33%, महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर 1.26%, टेक महिंद्रा के शेयर 1.20%, इटरनल के शेयर 1.06%, टाइटन के शेयर 1.04% और आईटीसी के शेयर 1.01% की बढ़त के साथ बंद हुए। TCS, Hindustan Unilever, BEL, Reliance Industries और इंफोसिस के शेयर भी बढ़त में रहे।
बजाज फाइनेंस के शेयर में सबसे ज्यादा 1.10% की गिरावट दर्ज की गई। SBI के शेयर 0.97%, अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर 0.86% और टाटा स्टील के शेयर 0.71% गिरे। विदेशों में, जापान का निक्केई 0.85% गिरा। हांगकांग का हैंग सेंग 0.87% और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.52% बढ़ा। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का DAX 0.39% और ब्रिटेन का FTSE 0.65% बढ़ा।