शहाबगंज विकास खंड अंतर्गत भिटियां मंदिर परिसर में किसान विकास मंच द्वारा होली मिलन समारोह उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
चंदौली। जनपद के शहाबगंज विकासखंड अंतर्गत भिटियां मंदिर परिसर में किसान विकास मंच द्वारा होली मिलन समारोह उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में किसानों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। गेहूं की सिंचाई और लगन-बरात के व्यस्त मौसम के बावजूद दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक किसानों का आना-जाना और गले मिलना जारी रहा।
होली मिलन के बीच किसानों ने खेती से जुड़ी समस्याओं पर खुलकर चर्चा की। अध्यक्ष राधेश्याम पांडेय ने कहा कि आज किसान कई तरह की परेशानियों से जूझ रहा है और बाहरी ताकतें भी भारतीय खेती पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही हैं। ऐसे में किसानों को संगठित होकर इसका जवाब देना होगा।
अशोक सिंह ने कहा कि अब तक कई किसानों को धान का भुगतान नहीं मिला है और पोर्टल बंद होने से किसानों को भारी नुकसान हुआ है।
इसके खिलाफ किसानों को मजबूत आवाज उठानी होगी। वहीं श्याम बिहारी सिंह ने किसानों को सचेत रहने की अपील करते हुए कहा कि अगर समय रहते किसान नहीं जागे तो वैश्विक राजनीति का असर सीधे खेती और आम लोगों की जिंदगी पर पड़ेगा।
संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने होली गीत “भींगी सारी गुलाबी चुनरिया रे…” और “होली के दिन खिल जाते हैं…” सुनाकर पूरे माहौल को होलीमय बना दिया। कार्यक्रम के दौरान किसानों ने नारे लगाते हुए अपने अधिकारों की आवाज बुलंद की।
अंत में 28 मार्च को बरियारपुर में किसान विकास मंच का स्थापना दिवस मनाने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम में अशोक सिंह, श्याम बिहारी सिंह, राम अवध सिंह, राधेश्याम पांडेय, इंद्रदेव यादव, बिजयमल मौर्य, सुरेश मौर्य, अयूब खान, दुर्गेश पांडेय सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अयूब खान ने तथा संचालन राम अवध सिंह ने किया।

