गोंडा-अयोध्या मार्ग पर दर्दनाक हादसा: पेट्रोल खत्म होने पर बाइक धक्का दे रहे युवक को अज्ञात वाहन ने रौंदा, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

गोंडा-अयोध्या मार्ग पर दर्दनाक हादसा: पेट्रोल खत्म होने पर बाइक धक्का दे रहे युवक को अज्ञात वाहन ने रौंदा, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

गोंडा-अयोध्या मार्ग पर बुधवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं।

, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

गोंडा। गोंडा-अयोध्या मार्ग पर बुधवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं। नवाबगंज थाना क्षेत्र के लौव्वावीरपुर गांव निवासी 27 वर्षीय वीरेंद्र यादव की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।


बताया जाता है कि वीरेंद्र यादव अयोध्या में एक गोल्फ कार्ड पार्किंग कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। बुधवार रात वह अपने छोटे भाई इंद्रदेव के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। घर पहुंचने से कुछ ही दूरी पहले दोनों भाई पेट्रोल पंप तक पहुंचने के लिए बाइक को धक्का देकर ले जा रहे थे। 



इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए एक अज्ञात वाहन ने वीरेंद्र यादव को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल वीरेंद्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। 


गांव में मातम का माहौल छा गया। बताया जाता है कि मृतक वीरेंद्र यादव पांच भाइयों में सबसे बड़े थे और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। उनकी असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। पत्नी कौशल्या का रो-रोकर बुरा हाल है। वीरेंद्र अपने पीछे दो मासूम बेटों—8 वर्षीय आयुष और 4 वर्षीय पीयूष—को छोड़ गए हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया। घर में जहां कल तक खुशियों की आवाजें गूंजती थीं, वहां अब सिर्फ सिसकियां और मातम पसरा हुआ है।


घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर सड़कों पर लापरवाह और तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर करता है। साथ ही यह सवाल भी छोड़ गया कि आखिर कब तक सड़क हादसे यूं ही परिवारों की खुशियां छीनते रहेंगे।


" PNP Network " के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें. हमें Google में खोजने के लिए https://www.purvanchalnewsprint.co.in/लिख कर सर्च करें |