मायावती का बड़ा बयान: "बीएसपी को बदनाम करने की साजिश, मिशन 2027 में जुटे कार्यकर्ता"

मायावती का बड़ा बयान: "बीएसपी को बदनाम करने की साजिश, मिशन 2027 में जुटे कार्यकर्ता"

बसपा सुप्रीमो मायावती ने एक्स पर जारी बयान में कहा कि बीएसपी बहुजन समाज की सच्ची अम्बेडकरवादी पार्टी है। उन्होंने पार्टी को बदनाम करने की साजिशों और मिशन 2027 की तैयारियों पर बड़ा बयान दिया।

मायावती का बड़ा बयान: "बीएसपी को बदनाम करने की साजिश, मिशन 2027 में जुटे कार्यकर्ता"


पूर्वांचल न्यूज़ प्रिंट | लखनऊ

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक विस्तृत बयान जारी करते हुए पार्टी और उसके नेतृत्व को लेकर फैलाए जा रहे कथित दुष्प्रचार पर कड़ा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी देश में बहुजन समाज, गरीबों, शोषितों, पीड़ितों और उपेक्षित वर्गों के संवैधानिक अधिकारों तथा सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष करने वाली सच्ची अम्बेडकरवादी पार्टी है, जो बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के बताए मार्ग पर चल रही है।

मायावती ने कहा कि बसपा "सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय" की विचारधारा पर कार्य करती है और अन्य राजनीतिक दलों की तरह बड़े पूंजीपतियों या धनकुबेरों के इशारों पर नहीं चलती। उन्होंने दावा किया कि पार्टी अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के तन, मन और धन के सहयोग से संचालित होती है, जो संकीर्ण, जातिवादी, सांप्रदायिक और पूंजीवादी ताकतों को स्वीकार नहीं है।

 चुनाव नजदीक आते ही बीएसपी को बदनाम करने की कोशिश

बसपा सुप्रीमो ने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही कुछ राजनीतिक और सामाजिक ताकतें विभिन्न हथकंडों के जरिए बसपा और उसके आंदोलन को बदनाम करने का प्रयास करती हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेतृत्व, संगठन और कार्यकर्ताओं को लेकर झूठी अफवाहें फैलाना एक सुनियोजित षड्यंत्र का हिस्सा है।

मायावती ने मीडिया के एक वर्ग पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग अन्य दलों की चुनावी गतिविधियों से जनता का ध्यान हटाने के लिए बसपा उम्मीदवारों के चयन और पार्टी की आर्थिक व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करते रहते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी को मिलने वाला आर्थिक सहयोग कानूनी रूप से चुनावी गतिविधियों और उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए खर्च किया जाता है।

 उम्मीदवार चयन प्रक्रिया पर दी सफाई

अपने बयान में मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश बसपा अध्यक्ष विश्वनाथ पाल सहित पार्टी के सभी छोटे-बड़े पदाधिकारी और कार्यकर्ता इस समय संगठन को मजबूत बनाने और आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

उन्होंने बताया कि संभावित उम्मीदवारों की सूची तैयार करने और उनकी स्क्रीनिंग के दौरान उनसे सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक पृष्ठभूमि के साथ-साथ पार्टी के प्रति निष्ठा और दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को परखने के लिए कई तरह के प्रश्न पूछे जाते हैं। इस प्रक्रिया को गलत तरीके से प्रस्तुत करना उचित नहीं है।

कार्यकर्ताओं से मिशन 2027 पर फोकस करने की अपील

मायावती ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की कि वे विरोधी दलों द्वारा फैलाए जा रहे कथित प्रायोजित षड्यंत्रों और अफवाहों का शिकार न हों। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता मिशन 2027 को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटे रहें।

उन्होंने दावा किया कि बसपा की बढ़ती तैयारियों और संगठनात्मक मजबूती को देखकर राजनीतिक विरोधियों की चिंता बढ़ गई है। अपने संदेश के अंत में मायावती ने "जय भीम, जय भारत" का नारा देते हुए कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।