UP के बस्ती जिले में लखनऊ से गोरखपुर जा रही यूपी रोडवेज की बस में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि समय रहते सभी 20 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पढ़ें पूरी खबर।
बस्ती/पूर्वांचल न्यूज़ प्रिंट: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के छोटी रुधौली गांव के पास मंगलवार को उत्तर प्रदेश रोडवेज कॉर्पोरेशन की बस में आग (UP Roadways bus fire) लग गई। इस घटना से बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, सभी 20 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बस चारबाग (लखनऊ) से गोरखपुर (Lucknow Gorakhpur bus fire) जा रही थी। बस मंगलवार सुबह गोरखपुर से चली थी और पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के छोटी रुधौली गांव के पास पहुंचते ही उसमें आग लग गई। आग ने देखते ही देखते पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और गाड़ी जलकर खाक हो गई।
सूचना मिलने पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। बस कंडक्टर विनय त्रिवेदी ने बताया कि बस में अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई। उन्होंने कहा कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है। आग लगने का कारण पता लगाने के लिए संबंधित विभाग जांच कर रहे हैं।

