राज्य मंत्री संजीव गोंड की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
- पात्रों का चिन्हांकन व सड़कों की मरम्मत पर दिया जोर
- निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं
- सामूहिक प्रयासों से धरातल पर उतर रही योजनाएं
पूर्वांचल न्यूज़ प्रिंट / चंदौली। जिले के प्रभारी मंत्री तथा समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के राज्य मंत्री संजीव गोंड की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रभारी मंत्री ने केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया तथा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए।
समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री जी ने प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि जिले में अब तक वंचित रह गए सभी पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन कर उन्हें तुरंत लाभान्वित किया जाए। जल जीवन मिशन ('हर घर नल' योजना) के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को तत्काल दुरुस्त करने का कड़ा निर्देश दिया गया ताकि आमजन को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा जारी सड़क एवं सेतु निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समयावधि के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की मानक जांच कराने के सख्त निर्देश दिए। इसके अलावा वृद्धावस्था पेंशन और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का जायजा लेते हुए मंत्री जी ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासनिक अधिकारियों की
प्राथमिक जिम्मेदारी है।
मंत्री जी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के प्रयासों, जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल और मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं के कुशल नेतृत्व के चलते जिले में जनकल्याणकारी योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं और कानून व्यवस्था सुचारू रूप से लागू हो पा रही है।
बैठक के समापन पर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने प्रभारी मंत्री द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत कड़ाई से अनुपालन कराने का आश्वासन दिया और धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं सहित सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
