उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्य मंत्री तथा चंदौली जनपद के प्रभारी मंत्री संजीव कुमार गोंड ने अपने एक दिवसीय भ्रमण के दौरान जनपद स्थित मद्धूपुर वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण किया।
- अधिकारियों को समय-समय पर भ्रमण और स्वास्थ्य परीक्षण के दिए निर्देश
पूर्वांचल न्यूज़ प्रिंट /चंदौली। उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्य मंत्री तथा चंदौली जनपद के प्रभारी मंत्री संजीव कुमार गोंड ने अपने एक दिवसीय भ्रमण के दौरान जनपद स्थित मद्धूपुर वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री जी ने आश्रम में रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और उन्हें फल वितरित किए।
भ्रमण के दौरान प्रभारी मंत्री ने आश्रम में स्वच्छता, भोजन व्यवस्था और आवास सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने बुजुर्गों के साथ समय बिताया और उनसे बातचीत कर व्यवस्थाओं के संबंध में सीधा फीडबैक लिया।
निरीक्षण के उपरांत मंत्री जी ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि वृद्धजनों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने मौके पर कहा संबंधित विभागीय अधिकारी समय-समय पर वृद्धाश्रम का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करें। बुजुर्गों के लिए नियमित अंतराल पर नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर और चिकित्सा परीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बुजुर्गों को गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन मिले तथा आश्रम परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए।
मंत्री जी ने कहा बुजुर्ग समाज की धरोहर हैं और उनकी सेवा एवं सम्मान करना हमारी प्राथमिकता है। राज्य सरकार वृद्धजनों के कल्याण और उन्हें बेहतर जीवन सुविधाएं प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि आश्रम में आवास, भोजन और नियमित स्वास्थ्य जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी समय-समय पर यहां का दौरा कर व्यवस्थाओं का स्वयं अवलोकन करें।
निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधिगण एवं मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
