प्रयागराज और बांदा में अगस्त में टूटा 125 सालों का रिकॉर्ड, चंदौली समेत पूर्वी यूपी में अगले 5 दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी

प्रयागराज और बांदा में अगस्त में टूटा 125 सालों का रिकॉर्ड, चंदौली समेत पूर्वी यूपी में अगले 5 दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी

इस वर्ष उत्तर प्रदेश में अगस्त माह के दौरान 235.5 मिमी० के दीर्घकालिक औसत के सापेक्ष 24% अधिक कुल 291.3 मिमी० वर्षा दर्ज हुई जो इक्कीसवीं शताब्दी के दौरान वर्ष 2018 (293.1 मिमी०) के उपरान्त सर्वाधिक है | 

प्रयागराज और बांदा में अगस्त में टूटा 125 सालों का रिकॉर्ड, चंदौली समेत पूर्वी यूपी में अगले 5 दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी


  • स्थानीय मौसम प्रणालियों के कारण कुछ मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम तथा कहीं-कहीं मूसलाधार बारिश की संभावना

  • अगस्त-2026 की मासिक वर्षा के साथ सितंबर 2026 एवं वर्तमान मानसूनी सक्रियता पर अपडेट

लखनऊ / चंदौली : आपदा प्रबंधन विभाग, चंदौली द्वारा जारी सूचना के अनुसार इस वर्ष उत्तर प्रदेश में अगस्त माह के दौरान 235.5 मिमी० के दीर्घकालिक औसत के सापेक्ष 24% अधिक कुल 291.3 मिमी० वर्षा दर्ज हुई जो इक्कीसवीं शताब्दी के दौरान वर्ष 2018 (293.1 मिमी०) के उपरान्त सर्वाधिक है| 

इसी क्रम में प्रयागराज (631.6 मिमी०) एवं बांदा (646 मिमी०) में 1901 से अब तक अगस्त के प्रेक्षण इतिहास की सर्वाधिक वर्षा दर्ज की गई| इसी क्रम में सितंबर-2026 के मासिक दृष्टिकोण के अनुसार भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में बनी मजबूत एल-निनो परिस्थितियों के प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश भाग में सामान्य से कम मासिक वर्षा के अतिरिक्त तटस्थ हिन्द महासागरीय द्विध्रुव के उत्तरोत्तर मजबूत होते सितंबर के बाद धनात्मक होने की संभावना एवं अन्य क्षेत्रीय गतिविधियों के प्रभाव से प्रदेश के दक्षिणी-पूर्वी भाग में औसत मासिक वर्षा सामान्य से अधिक रहने जबकि प्रदेश के अन्य (दक्षिणी एवं मध्यवर्ती) भागों में यह सामान्य के आसपास रहने की सम्भाव्यता सर्वाधिक है| इसी क्रम में सितंबर के दौरान औसत प्रादेशिक अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहने की संभावना है|

वर्तमान में उत्तरी-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी पर बने निम्न दबाव क्षेत्र के पश्चिम-उत्तर-पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ते हुए आज सुबह गांगेय पश्चिम बंगाल एवं संलग्न उत्तरी तटीय ओडिशा, झारखण्ड व उत्तरी-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी पर सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र के रूप में संकेंद्रित होने के साथ ही मानसूनी द्रोणी के जम्मू, चंडीगढ़, शाहजहांपुर, वाराणसी से उक्त सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र के केंद्र से होते हुए पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी की ओर जाने के अतिरिक्त उक्त सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र से सम्बद्ध चक्रवाती परिसंचरण से झारखण्ड एवं बिहार होते हुए प्रदेश के उत्तरी-पश्चिमी भाग तक जा रही द्रोणी के मध्य क्षोभमंडल तक विस्तृत होने से सुदृढ़ मानसूनी प्रवाह के फलस्वरूप प्रदेश में आगामी 5 दिनों तक भारी वर्षा के साथ आरम्भिक 24 घंटों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है| 

इसी क्रम में आज राजधानी लखनऊ में शाम को हुई तेज वर्षा के स्वचालित वर्षामापी आँकड़ों के अनुसार शाम 05:30 बजे तक चिनहट (59 मिमी०), राजभवन (45.5 मिमी०), अम्बेडकर पार्क (54 मिमी०), बक्शी का तालाब (36.5 मिमी०), जनेश्वर मिश्र पार्क (26.5 मिमी०), काकोरी (26 मिमी०) के अतिरिक्त अमौसी वेधशाला में कुल 09 मिमी० वर्षा दर्ज की गई|।


(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें) ये भी खबरें पढ़ें :-