रेलवे इंटर कॉलेज के 150 वर्ष पूरे होने पर 1-2 अक्टूबर को होगा पुरातन छात्र महासम्मेलन

रेलवे इंटर कॉलेज के 150 वर्ष पूरे होने पर 1-2 अक्टूबर को होगा पुरातन छात्र महासम्मेलन

ईस्टर्न सेंट्रल रेलवे स्कूल एलुमनाई एसोसिएशन की ओर से 1 और 2 अक्टूबर को भव्य पुरातन छात्र पुनर्मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा। 

रेलवे इंटर कॉलेज के 150 वर्ष पूरे होने पर 1-2 अक्टूबर को होगा पुरातन छात्र महासम्मेलन

  • देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में पहचान बनाने वाले 250 से अधिक पूर्व विद्यार्थी होंगे शामिल, पूर्व शिक्षकों का होगा सम्मान


पूर्ववंचल न्यूज़ प्रिंट / चन्दौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। East Central Railway Inter College के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ईस्टर्न सेंट्रल रेलवे स्कूल एलुमनाई एसोसिएशन की ओर से 1 और 2 अक्टूबर को भव्य पुरातन छात्र पुनर्मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में वर्ष 1965 से 2025 तक विभिन्न बैचों से पासआउट रहे करीब 250 पुरातन विद्यार्थी शामिल होंगे। देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे पूर्व विद्यार्थियों के साथ विद्यालय के पूर्व शिक्षक भी समारोह में सहभागिता करेंगे।

एलुमनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने बताया कि विद्यालय की 150 वर्ष की गौरवशाली शैक्षणिक यात्रा से जुड़ी पुरानी स्मृतियों को साझा करने और पूर्व विद्यार्थियों को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। 

समारोह के मुख्य अतिथि विद्यालय के पुरातन विद्यार्थी एवं सेवानिवृत्त आईएएस डॉ. निर्मलजीत सिंह कलसी होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पुरातन विद्यार्थी एयर मार्शल कीर्ति शेखर चतुर्वेदी और पूर्व मध्य रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना मौजूद रहेंगे।

1 अक्टूबर को सुबह 11 बजे दीप प्रज्वलन के साथ समारोह का शुभारंभ होगा। इस दौरान पुरातन विद्यार्थियों और पूर्व शिक्षकों का सम्मान किया जाएगा। विभिन्न बैचों के विद्यार्थी विद्यालय से जुड़ी अपनी यादें और अनुभव साझा करेंगे। इसके साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।

2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री व विद्यालय के पुरातन विद्यार्थी लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई जाएगी। विद्यालय परिसर में स्थापित लाल बहादुर शास्त्री की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद श्रद्धांजलि सभा और भजन कार्यक्रम होगा।

पूर्व प्राचार्य अमरेंद्र कुमार ने कहा कि विद्यालय की 150वीं वर्षगांठ नई पीढ़ी के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का संदेश है। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री जैसे महान विद्यार्थी इसी विद्यालय से निकले और देश के विकास में योगदान दिया।

समारोह में श्याम प्रकाश शर्मा, चहल सिंह, पिनाकी चटर्जी, प्रवेश मिश्रा, कृष्ण मोहन सिंह, रमाशंकर सिंह, राजेश सिंह, दीपक मजूमदार, रंजीत राय, सुरेश मिश्रा, सुप्रियो गांगुली, बेबी पांडेय, दिग्विजय पांडेय, योगेश, शेखर सिंह और डॉ. मुकेश प्रताप सिंह सहित अन्य पुरातन विद्यार्थी शामिल रहेंगे।

(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें) संबंधित खबरें पढ़ें :-