चंदौली में 'मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना' और 'भारत टैक्सी' सेवा का आगाज: कलेक्ट्रेट में हुआ सजीव प्रसारण, किसानों को मिलेगा बड़ा संबल

चंदौली में 'मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना' और 'भारत टैक्सी' सेवा का आगाज: कलेक्ट्रेट में हुआ सजीव प्रसारण, किसानों को मिलेगा बड़ा संबल

सीएम योगी आदित्यनाथ ने 'मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना' व 'भारत टैक्सी' का किया शुभारंभ। चंदौली कलेक्ट्रेट में हुआ सजीव प्रसारण; किसानों को मिलेगा लाभ।

चंदौली कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना और भारत टैक्सी सेवा के शुभारंभ का सजीव प्रसारण देखते अधिकारी एवं किसान


चंदौली। जनपद में माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आज लखनऊ से "मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना" एवं "भारत टैक्सी" सेवा का शुभारंभ किया गया। उक्त राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनपदीय कार्यक्रम में किया गया। मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लि० (एल०डी०बी०) के माध्यम से लघु एवं सीमांत कृषकों के आर्थिक सशक्तीकरण एवं कृषि आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मा० श्री सुशील सिंह, विधायक सैयदराजा, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता रविप्रकाश सिंह, अपर जिला सहकारी अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी, इफको प्रतिनिधि सहित जनपद की बी-पैक्स के समस्त सचिव, अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, सहकारिता से जुड़े कृषक तथा अन्य लोग उपस्थित रहे।




कार्यक्रम में योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि इसका उद्देश्य लघु एवं सीमांत कृषकों को सुलभ एवं रियायती दर पर दीर्घकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराकर उनकी कृषि उत्पादकता एवं आय में वृद्धि करना है। योजना के अंतर्गत पात्र कृषकों को ₹6 लाख तक का दीर्घकालीन ऋण 6 प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। समय से ऋण की किस्तें जमा करने वाले पात्र कृषकों को राज्य सरकार द्वारा ब्याज अनुदान का लाभ भी प्राप्त होगा।


योजना हेतु उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ₹384 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है तथा आगामी 5 वर्षों में लगभग 5 लाख कृषकों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कृषि के साथ-साथ कृषि आधारित अन्य गतिविधियों एवं आवश्यक पूंजीगत निवेश हेतु भी ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी तथा ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था पर बल दिया गया है।

कलेक्ट्रेट सभागार में "मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी" सेवा का शुभारभ

इसी अवसर पर प्रदेश में "भारत टैक्सी" सेवा का भी शुभारंभ किया गया। भारत टैक्सी, सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड द्वारा संचालित भारत का पहला सहकारी-नेतृत्व वाला डिजिटल राइड हेलिंग प्लेटफॉर्म है। 'सारथी ही मालिक" की सहकारी भावना के अंतर्गत चालक सदस्य एवं हितधारक के रूप में इससे जुड़ते हैं। इसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराते हुए चालकों के आर्थिक-सामाजिक सशक्तीकरण, रोजगार एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देना है।

इस अवसर पर बी पैक्स अध्यक्षों, उपाध्यक्षों एवं सचिवों से अपेक्षा की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए पात्र कृषकों को योजना से जोड़ने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। कार्यक्रम में उपस्थित कृषकों एवं सहकारिता से जुड़े प्रतिनिधियों ने सहकारिता आधारित इन पहलों को जन-जन तक पहुँचाने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें) ये भी खबरें पढ़ें :-