डिजिटल डेस्क, लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा आरक्षण, दलित समाज और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सम्मान को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर लगाए गए आरोपों पर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कड़ा पलटवार किया है।
समाचार एजेंसी एएनआई (ANI) से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने सपा प्रमुख के बयानों को पूरी तरह भ्रामक और जमीनी हकीकत से दूर करार दिया।
'राजधानी में बैठकर राजनीति कर रहे सपा मुखिया' अनिल राजभर ने सीधा हमला बोलते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बैठकर प्रतिदिन प्रदेश की सम्मानित जनता को गुमराह करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा, "उनके पास जनता के बीच जाने का समय नहीं है और न ही वे जनता के बीच कभी जाएंगे। उनका काम सिर्फ एयर कंडीशंड कमरों में बैठकर प्रेस वार्ता करना और तथ्यहीन आरोप लगाना रह गया है।"
दलितों और वंचितों के सम्मान पर विपक्ष को घेरा मंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और संविधान के मूल सिद्धांतों को धरातल पर उतारने का काम कर रही है। बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम पायदान पर खड़े दलित, वंचित और पिछड़े वर्ग के लोगों तक सरकारी योजनाओं और आरक्षण का लाभ पहुंचाया जा रहा है, जिससे विपक्षी दल हताश होकर बेबुनियाद बयानबाजी कर रहे हैं।

