चंदौली: चक्रवात को लेकर प्रशासन अलर्ट, 24X7 आपदा कंट्रोल रूम एक्टिव

चंदौली: चक्रवात को लेकर प्रशासन अलर्ट, 24X7 आपदा कंट्रोल रूम एक्टिव

बंगाल की खाड़ी के चक्रवात को देखते हुए चंदौली जिला प्रशासन अलर्ट। डीएम चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर कलेक्ट्रेट में 24X7 आपदा कंट्रोल रूम शुरू।

कलेक्ट्रेट चंदौली में 24 घंटे सक्रिय आपदा नियंत्रण कक्ष में तैनात प्रशासनिक कर्मचारी और कंप्यूटर मॉनिटरिंग सिस्टम
जिलाधिकारी चंदौली चंद्र मोहन गर्ग

खास बातें :-

बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती हलचल: चंदौली जिला प्रशासन हुआ पूरी तरह सतर्क

डीएम चंद्र मोहन गर्ग का कड़ा निर्देश: कलेक्ट्रेट में 24X7 आपदा कंट्रोल रूम सक्रिय

आपदा प्रबंधन विभाग ने कसी कमर: राहत एवं बचाव कार्यों की पुख्ता तैयारी

आम जनता व किसानों से सतर्कता बरतने और आपात स्थिति में संपर्क की अपील


चीफ ब्यूरो दिवाकर राय चंदौली (पूर्वांचल न्यूज़ प्रिंट )
 
बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती मौसम तंत्र और उसके संभावित असर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जनपद चन्दौली में आपदा से निपटने और जनसामान्य की सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देशों के अनुपालन में जिला आपदा प्रबंधन विभाग चन्दौली द्वारा कलेक्ट्रेट स्थित आपदा कक्ष में आपदा कंट्रोल रूम को 24 X 7 निर्बाध रूप से क्रियाशील कर दिया गया है।

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बताया कि मौसम विभाग द्वारा बंगाल की खाड़ी से उठ रहे चक्रवाती मौसम को लेकर जारी की गई चेतावनी के मद्देनजर जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है। किसी भी आपात स्थिति, जलभराव, तेज हवाओं या अन्य आपदा से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। आम नागरिकों की सहायता, त्वरित सूचना के आदान-प्रदान और आपातकालीन राहत कार्यों के लिए कंट्रोल रूम में पारियों में अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि चक्रवाती मौसम के दौरान यदि किसी भी प्रकार की दुर्घटना, जलभराव या राहत कार्य से जुड़ी सहायता की आवश्यकता हो, तो नागरिक तुरंत कंट्रोल रूम के टोल-फ्री नंबर 1077 एवं 262100 पर संपर्क कर सकते हैं। इन नंबरों पर प्राप्त होने वाली हर सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों (सिंचाई, विद्युत, स्वास्थ्य, पुलिस और स्थानीय निकायों) को अपने-अपने मुख्यालयों पर अलर्ट मोड में रहने तथा राहत सामग्री व आवश्यक संसाधनों की पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने जिले के नागरिकों से धैर्य बनाए रखने, अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और सोशल मीडिया पर फैलने वाली किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने की अपील की है। जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि प्रशासन हर स्थिति पर बारीकी से नजर बनाए हुए है और नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें) संबंधित खबरें पढ़ें :-