Chandauli, पूर्वांचल न्यूज प्रिंट। कोरोना वायरस से उत्पन्न त्रासदी से जूझ रहे जनपद के गरीबों की मदद के लिए चंदौली भाजपा ने प्रत्येक मंडल में 15 कुंतल अनाज वितरण करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मंगलवार को भाजपा चंदौली के कार्यालय पर जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह की देख -रेख में अनाज व अन्य खाद्य सामग्री की पैकिंग की गयी। जिसे मालवाहक गाड़ियों से अनाज सामग्री को जनपद के मंडलों के प्रभारियों के पास भेजा जा रहा है। यह
अनाज व खाद्य सामग्री सभी मंडल में पहुँचने के बाद उस मंडल के प्रभारी व बीजेपी कार्यकर्ता जरूरतमंद गरीबों को चिन्हित कर राशन वितरण का कार्य करेंगे। इसकी पहली शुरुआत दीन दयाल उपाध्याय नगर से की जा रही है। फिर सकलडीहा , नियमताबाद दक्षिणी, चहनियां, धानापुर पश्चिमी आदि मंडलों में राहत सामग्री भेजी जा रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह ने बताया कि अनाज वितरण हेतु अनाज का भण्डारण पार्टी कार्यालय पर किया गया है। खाद्य पैकेट में चावल, दाल, आटा , प्याज, आलू, हल्दी, तेल, मसाला, साबुन, माचिस आदि सामग्री की पैकिंग की गयी है। उन्होंने कहा कि यह पूरा प्रयास है कि कोई व्यक्ति व परिवार भूखा न सोने पाए। अन्य तरीके से भी जिला प्रशासन किचन कम्यूनिटी के तहत भोजन का पैकेट उपलब्ध करा है। भाजपा अध्यक्ष ने जनपद वासियों से अपील किया है कि घर में रहे, डिस्टेंसिंग का पालन करें। बार बार हाथ धोएं और चिकित्सकों की सलाह मानते हुए सावधानी बरतें।