●महिला ग्राम प्रधान भोड़सर ने शहाबगंज थाने में किया महिला हेल्प डेस्क का उदघाटन
![]() |
फीता काटकर उदघाटन करती ग्राम प्रधान |
Purvanchal News Print
शहाबगंज(चन्दौली)। स्थानीय थाना परिसर में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला हेल्प डेस्क का फीता काटकर महिला ग्राम प्रधान भोड़सर ने उदघाटन किया। वे मां सरस्वती के तैल चित्र पर दीप प्रज्वलित करने के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की।
गोष्ठी में बालिकाओं तथा महिलाओं की सुरक्षा के प्रति विभिन्न बिंदुओं पर प्रकाश डाला गया। उद्घाटन समारोह में अथिति के रूप में उपस्थित ग्राम पंचायत भोड़सर की महिला ग्राम प्रधान ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा नवरात्रि के प्रथम दिन से महिलाओं तथा बालिकाओं की सुरक्षा हेतु मिशन शक्ति अभियान का शुभारंभ किया गया है।
जो पूरे 180 दिनों तक लगातार जारी रहेगा। अभियान के तहत बालिकाओं तथा महिलाओं को उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है, उन्होंने कहा कि कोई भी महिला या बालिका के साथ किसी तरह का अनाचार, दुराचार, अत्याचार किसी भी युवक अथवा मनचलों द्वारा किया जाता है तो वह तत्काल 1090 वूमेन पावर हेल्पलाइन, 112 पुलिस हेल्पलाइन, 102, 181,1076 हेल्पलाइन का प्रयोग कर तत्काल सुरक्षा पा सकती हैं। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन सदैव तत्पर रहेगा।
प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार राय ने कहा कि वूमेन पावर हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराते समय कोई भी महिला या कोई भी बालिका अपने साथ हुए किसी तरह के दुर्व्यवहार की जानकारी हेल्प डेस्क पर तैनात महिला सिपाही से खुल कर दें, ताकि उनकी पूरी शिकायत दर्ज की जा सके और उसका निराकरण तत्काल किया जा सके। 1076 वूमेन पावर हेल्पलाइन पर महिला पुलिस कर्मी शिकायत दर्ज करती है, इसलिए महिलाएं निसंकोच बातों को साझा करें।
ताकि उनकी समस्याओं का निदान त्वरित किया जा सके। उन्होंने कहा कि यदि महिलाएं व बालिकाएं अपनी शिकायत समय पर दर्ज कराती है तो किसी भी मनचलों की खैर नहीं होगी। उन्हें उनके किए का कड़ा से कड़ा दंड दिलाने की कार्यवाही की जाएगी
अतिथि के तौर पर आई हुई श्रीमती शैलजा राय ने कहा कि आज के दौर में महिलाओं तथा बालिकाओं को पूरी तरह से जागरूक होकर समाज के दरिंदों से डटकर मुकाबला करना होगा। और अब साबित करना होगा कि महिलाएं अपने हक के लिए किसी से कम नहीं है।नारियों को शक्ति का अवतार कहा गया है। अपने आपको शक्ति का अवतार साबित करने के लिए हम सभी को अपने अधिकारों को समझना व जानना होगा और महिला उत्पीड़न जैसी घटनाओं को रोकने के लिए डटकर मुकाबला करना होगा मिशन शक्ति के तहत महिला हेल्प डेस्क के उद्घाटन समारोह में कोविड-19 का पालन करते हैं।
2 गज की दूरी बनाकर मुंह पर मास्क के साथ सैकड़ों की संख्या में बालिकाएं व महिलाएं तथा महिला कांस्टेबल उप निरीक्षक ग्राम प्रधान गांधी स्मारक इंटर कॉलेज के महिला अध्यापक मुख्य रूप से कार्यक्रम में उपस्थित रही।
रिपोर्ट-भूपेंद्र कुमार