बथावर-ताजपुर के चकरोड पर अवैध कब्जा का प्रयास, ग्रामीणों में आक्रोश

बथावर-ताजपुर के चकरोड पर अवैध कब्जा का प्रयास, ग्रामीणों में आक्रोश

 सकलडीहा तहसील के ताजपुर- बथावर ग्राम पंचायत के बॉर्डर पर स्थित एक चकरोड पर अवैध निर्माण के प्रयास को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। 
विरोध दर्ज कराते ग्रामीण युवक, फोटो-pnp

 सकलडीहा (चन्दौली)। स्थानीय तहसील के ताजपुर- बथावर ग्राम पंचायत के बॉर्डर पर स्थित एक चकरोड पर अवैध निर्माण के प्रयास को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। प्रदर्शन ,अनशन की चेतावनी दी है।

जानकारी के मुताबिक ताजपुर गांव के लोंगो की जमीन को कुछ बाहरी लोगों ने खरीद ली है, खरीदी गई जमीन से सटाकर चकरोड पर अवैध निर्माण करने के आरोप लगाए जा रहे हैं। इस चकरोड पर ज्यादातर ग्रामीणों का आना जाना है। इसी चकरोड से ताजपुर- बथावर होकर सकलडीहा-अलीनगर के मुख्य सड़क तक रास्ता जाता है। 

ग्रामीणों की मानें तो एक तरफ चकरोड से सटे एक व्यक्ति द्वारा पहले ही इस पर चहारदीवारी बना ली गई है। इसी चकरोड के दूसरी तरफ भी पक्की चारदीवारी की जा रही है। उसके लिए गड्ढा खोदा जा रहा है, ऐसे में उस निर्माण का ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। इनका आरोप है कि चकरोड मार्ग पर अतिक्रमण किया जा रहा है। हालांकि जमीन मालिक ने इस आरोप का खंडन किया है।

 ग्रामीणों ने सकलडीहा एसडीएम का इस ओर ध्यान आकृष्ट कराते हुए चकरोड की पैमाइश के बाद उस पर पक्का निर्माण करने की मांग की है, ऐसा न करने पर विरोध प्रदर्शन, अनशन करने की भी चेतावनी दी है।

विरोध करने वाले में धर्मपाल, गणेश, ईश्वर, राजेश्वर, राजेश, विनोद, वसीम अहमद आदि सैकड़ों लोग हैं।

संवाद सहयोगी: उदय कुमार राय