मुख्य आर्थिक सलाहकार (सीईए) वी अनंत नागेश्वरन ने अडाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में गिरावट के बारे में कुछ कहने से साफ इनकार कर दिया।
नई दिल्ली। मुख्य आर्थिक सलाहकार (सीईए) वी अनंत नागेश्वरन ने यहां मंगलवार को अडाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में गिरावट के बारे में कुछ कहने से साफ इनकार कर दिया। अमेरिकी वित्तीय शोध कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट आने के बाद समूह की कंपनियों के शेयरों में गिरावट थम नहीं रही है। संसद में आर्थिक समीक्षा पेश किये जाने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि, ‘‘हम आर्थिक समीक्षा में किसी एक कंपनी के बारे में बात नहीं करते हैं।’’
श्री नागेश्वरन से अडाणी समूह संकट के बारे में सवाल पूछे जाने पर कहा, ‘‘कंपनी क्षेत्र की बात करें तो कुल मिलाकर उनका कर्ज कम हुआ है और बही-खाता भी मजबूत है। किसी एक कंपनी समूह के साथ क्या हुआ है, यह बाजार और कॉरपोरेट समूह के बीच का सम्बन्ध है।’’ हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट के बाद अडाणी समूह की कंपनियों के शेयर मंगलवार को लगातार चौथे दिन धड़ाम हुए हैं।
हिंडनबर्ग की रिपोर्ट में उद्योगपति गौतम अडाणी की अगुवाई वाले समूह पर ‘खुले तौर पर शेयरों में गड़बड़ी और लेखा धोखाधड़ी’ में शामिल होने के आरोप लगते ही शेयर बाजार गिरने लगे हैं हालांकि, समूह ने रिपोर्ट को एक सिरे से खारिज करते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दे डाली है।