बीबीसी के दिल्ली और मुंबई ऑफिस पर इनकम टैक्स विभाग ने छापेमारी की है | कर्मचारियों के फोन बंद करा दिए गए हैं | साथ ही किसी को परिसर में आने-जाने से रोक लगा दी गयी है।
नई दिल्ली। बीबीसी के दिल्ली और मुंबई ऑफिस पर इनकम टैक्स विभाग ने छापेमारी की है। इस दौरान कर्मचारियों के फोन बंद करा दिए गए हैं। साथ ही किसी को परिसर में आने-जाने से रोक लगा दी गयी है। सूत्र बताते हैं कि BBC के दिल्ली स्थित दफ्तर में आयकर विभाग का सर्वे चल रहा है। बता दें कि BBC का दफ्तर केजी मार्ग पर स्थित है।
खबरों के मुताबिक, सभी कर्मचारियों के फोन जब्त कर लिया गया है। साथ ही कर्मचारियों से दफ्तर छोड़कर घर जाने के लिए बोल दिया गया है। वहीं लंदन स्थित BBC के दफ्तर में छापेमारी की कार्रवाई की जानकारी दे दी गई है। हालांकि, अभी तक इनकम टैक्स विभाग ने इसे लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है। इस कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है।
बीबीसी डॉक्यूमेंट्री का क्या है मामला ?
दरअसल, हाल ही में बीबीसी की एक डॉक्यूमेंट्री बनाई थी। यह डॉक्यूमेंट्री 2002 के गुजरात दंगों पर आधारित थी। केंद्र सरकार ने प्रोपेगेंडा बताते हुए इस डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग पर रोक लगा दी थी। यह मामला सुप्रीम कोर्ट में चला गया है। ऐसे में विपक्ष आयकर विभाग की छापेमारी को बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री से जोड़ कर केंद्र पर निशाना साधने लगा है।
दूसरी ओर , कांग्रेस ने इनकम टैक्स विभाग की इस कार्रवाई को बीबीसी डॉक्यूमेंट्री पर बैन से जोड़ दिया है। कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा, पहले BBC की डॉक्यूमेंट्री आई, उसे बैन किया गया। अब BBC पर इनकम टैक्स रेड पड़ गया है। अघोषित आपातकाल।
बीबीसी पर कार्रवाई पर आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी ने कहा है कि यह आईटी का छापा मारना यह साबित करता है कि यह सरकार मीडिया को दबाने की कोशिश कर रही है। मीडिया में जो स्वतंत्र हैं आजाद हैं,सवाल पूछ रहे , अब उनके ऊपर गाज गिर रही हैं। एक-एक करके सब पर गिरेगी गाज। यह डराने और धमका कर रखने की साजिश है।
उधर, महुआ मोइत्रा ने ट्वीट कर बताया कि बीबीसी के दिल्ली दफ्तर में आयकर के छापेमारी की खबर है बहुत खूब, अप्रत्याशित।