राम दरबार की प्राण-प्रतिष्ठा आज, वैदिक मंत्रों की गूंज के बीच राम मंदिर भक्तिमय होगा , सीएम योगी होंगे सम्मलित

राम दरबार की प्राण-प्रतिष्ठा आज, वैदिक मंत्रों की गूंज के बीच राम मंदिर भक्तिमय होगा , सीएम योगी होंगे सम्मलित

श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र में बुधवार को गूंजते वैदिक मंत्रों, फूलों की खुशबू और दीपों की आभा से राम मंदिर परिसर आस्था और दिव्यता का प्रतीक बन गया।

राम दरबार की प्राण-प्रतिष्ठा आज, वैदिक मंत्रों की गूंज के बीच राम मंदिर भक्तिमय होगा


पर्वांचल न्यूज़ प्रिंट / अयोध्या: श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र में बुधवार को गूंजते वैदिक मंत्रों, फूलों की खुशबू और दीपों की आभा से राम मंदिर परिसर आस्था और दिव्यता का प्रतीक बन गया। प्राचीन वैदिक परंपरा के अनुसार श्रीविग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा के महा-अनुष्ठान के दूसरे दिन देव पूजन, हवन, नगर भ्रमण और शय्याधिवास जैसे अनुष्ठान पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ किए गए। 

अनुष्ठान के प्रत्येक चरण में राम भक्तों की आंखों में आस्था के आंसू और मन में खुशी थी। मंदिर परिसर में चल रहे वैदिक अनुष्ठान और भव्य सजावट ने इस ऐतिहासिक क्षण को और भी अलौकिक बना दिया। प्राण प्रतिष्ठा के दूसरे दिन बुधवार को राम मंदिर परिसर वैदिक मंत्रों की पवित्र ध्वनियों से गूंज उठा। मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने बताया कि इस दिन अन्नाधिवास, घृताधिवास, जलाधिवास, पुष्पाधिवास, शारदाधिवास और शैय्याधिवास जैसे पवित्र अनुष्ठान पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ किए गए।

 सुबह 6:30 बजे से दो घंटे तक यज्ञ मंडप में आवाहित देवताओं की पूजा की गई, जिसके बाद सुबह 9:00 बजे से 9:30 बजे तक अन्नाधिवास और 9:35 बजे से 10:35 बजे तक हवन किया गया। इसके बाद सुबह 10:40 बजे से दोपहर 12:40 बजे तक देवस्नान और प्रसादस्नान की रस्में हुईं, जिसके दौरान देवताओं की मूर्तियों को स्नान कराया गया और मंदिर परिसर को पवित्र किया गया। दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक मंदिर परिसर में उत्सव विग्रह स्थापित किए गए, जिससे भक्तों को मनोरम दृश्य देखने को मिला।

इसके बाद दोपहर 3 बजे से 4:30 बजे तक शैय्याधिवास और शाम 4:30 बजे से 5 बजे तक प्रसाद वास्तु पूजन किया गया। अंत में शाम 5:45 बजे से 6:45 बजे तक यज्ञशाला में हवन और आरती के साथ दिन के अनुष्ठान संपन्न हुए। ये सभी अनुष्ठान सनातन धर्म की गहन आध्यात्मिक परंपराओं के प्रतीक हैं, जो भगवान श्री राम के प्रति असीम भक्ति को और मजबूत करते हैं।

मुख्य समारोह की तैयारियां पूरी

5 जून को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा के मुख्य समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस दिन राम मंदिर परिसर के आठ मंदिरों में प्राण प्रतिष्ठा, भोग और आरती की विशेष पूजा जैसे अनुष्ठान किए जाएंगे। इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राम दरबार में मूर्तियों का अनावरण करेंगे, साथ ही नेत्रमिलन अनुष्ठान भी होगा। यह क्षण न केवल अयोध्या बल्कि सभी भारतीयों के लिए गौरव और भक्ति का प्रतीक होगा।

रोशनी से जगमगाता राम मंदिर
राम मंदिर इस समय खूबसूरत विद्युत सजावट से जगमगा रहा है। रात में मंदिर का नजारा ऐसा लग रहा है मानो स्वर्ग धरती पर उतर आया हो। मुख्य मंदिर की पहली मंजिल और दीवार पर बने छह देवताओं के मंदिरों के भीतरी हिस्सों को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया है। शेषावतार मंदिरों की सजावट भक्तों का मन मोह रही है, जिससे प्राण प्रतिष्ठा का यह पावन अवसर और भी भव्य हो गया है।

भजन, कीर्तन और राम नाम का जाप
यात्री सुविधा केंद्र की पहली मंजिल पर भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। बुधवार को भजन, कीर्तन, हनुमान चालीसा का पाठ और राम नाम का जाप लगातार चलता रहा, जिससे श्रद्धालुओं के मन में श्री राम के प्रति भक्ति और प्रेम बढ़ता जा रहा है। ये धार्मिक कार्यक्रम सनातन धर्म की अमर परंपराओं को सामने ला रहे हैं और श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति प्रदान कर रहे हैं। प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दूसरे दिन उत्सव विग्रहों को मंदिर परिसर का भ्रमण कराया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए एक दिव्य अनुभव था। यज्ञ मंडपम और प्राण प्रतिष्ठा परिसर में विशेष पूजा-अर्चना की गई, जिससे समारोह की पवित्रता और भी बढ़ गई।

सबसे विश्वसनीय पूर्वांचल का हिंदी न्यूज़ वेबसाइट पूर्वांचल न्यूज़ प्रिंट | For more related stories, follow: News in Hindi-👉 Facebook 👉Twitter 👉 Instagram 👉 Teligram👉Google News. पोर्टल की सदस्यता ग्रहण करने के लिए Membership Plan देखें |