जनसुनवाई और अपराध पर नियंत्रण करना मेरी पहली प्राथमिकता में शामिल रहेगा।
- बलुआ थानाध्यक्ष ने कहा - होली को भाईचारे से मनाएं, नहीं तो होगी कार्रवाई
चन्दौली / चहनियां : जनसुनवाई और अपराध पर नियंत्रण करना मेरी पहली प्राथमिकता में शामिल रहेगा। किसी भी हालत में अनैतिक कार्य बरदास्त नहीं जाएगा। थाने पर फरियादियों की बात सम्मानजनक तरीके से सुनी जाएगी। यह कहना है बलुआ थाना के नवागत थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के। वे शुक्रवार को हमारे स्थानीय संवाददाता से मुखातिब थे।
नवागत थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह मूलतः ग्राम सहेरुआ पोस्ट विश्वनाथगंज, जिला प्रतापगढ़ के निवासी हैं। आपने कक्षा एक से इंटरमीडिएट तक की शिक्षा मिर्जापुर जिले में प्राप्त की है, तत्पश्चात बीए और एलएलबी (ऑनर्स) इलाहाबाद विश्वविद्यालय से प्राप्त किया। यूपी पीसीएस (जे) और एपीओ का साक्षात्कार कई बार दिए, लेकिन भाग्य में पुलिस सेवा लिखी थी।
2015 बैच के एसआई अरुण प्रताप सिंह ने वाराणसी, मिर्जापुर और अब चंदौली में सेवाएं दे रहे हैं। इसके पूर्व दानगंज (चोलापुर) चौकी इंचार्ज, डीआईजी मिर्जापुर के पीआरओ, इलिया एसओ और अब 20 फ़रवरी, 2026 से बलुआ एसओ की कमान संभाली है।
कविताएं लिखने, कविता पाठ करने और टहलने के शौकीन अरुण सिंह ने थाने पर आगंतुकों एवं फरियादियों के साथ सम्मानजनक तरीके से पेश आने को भी अपनी प्राथमिकता बताया।

