Safer Internet Day : राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) चंदौली द्वारा जनपदवासियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने हेतु विशेष Awareness Programme का आयोजन किया गया।
Purvanchal News Print / ब्यूरो चीफ दिवाकर राय चंदौली |
जनपद में सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) चंदौली द्वारा जनपदवासियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने हेतु विशेष जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी वित्त राजस्व राजेश कुमार की उपस्थिति में तथा राजकीय पॉलिटेक्निक चंदौली परिसर में संपन्न हुआ, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान NIC के तकनीकी विशेषज्ञों ने डिजिटल युग में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों एवं उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। प्रतिभागियों को मालवेयर एवं स्पायवेयर, फिशिंग लिंक, ओटीपी धोखाधड़ी, यूपीआई फ्रॉड, फर्जी कॉल तथा सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग जैसे प्रमुख साइबर खतरों के बारे में सरल एवं व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया। साथ ही बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, पासवर्ड, बैंक विवरण या निजी जानकारी साझा न करें तथा संदिग्ध लिंक एवं एप्लिकेशन डाउनलोड करने से बचें।
कार्यक्रम में यह भी अवगत कराया गया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाए तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें। समय पर की गई शिकायत से आर्थिक नुकसान को रोका जा सकता है। साथ ही यह भी बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति अनजाने में किसी साइबर गतिविधि में आरोपी बन जाता है तो घबराने के बजाय संबंधित प्राधिकरण से संपर्क कर कानूनी प्रक्रिया के अनुसार अपना पक्ष प्रस्तुत करें।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के लिए संकल्प दिलाया गया तथा साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता सामग्री वितरित की गई। NIC चंदौली ने जनपदवासियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें तथा अपने परिवार एवं समाज को भी सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करें, ताकि एक सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल समाज का निर्माण हो सके।
कार्यशाला में जिला विकास अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मोहम्मद सोराका, जिला पंचायत राज अधिकारी, सहायक जिला सूचना विज्ञान अधिकारी राजेश कुमार और अन्य अधिकारी उपस्थित रहेअन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

