पूर्वांचल न्यूज प्रिंट / चन्दौली
जनपद चन्दौली में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन श्री पीयूष मोर्डिया एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र श्री वैभव कृष्ण के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक चन्दौली आदित्य लांग्हे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर एवं क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में थाना सैयदराजा पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध ट्रक चन्दौली से बिहार की ओर जा रहा है, जिसमें अवैध शराब की तस्करी की जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने NH-19 हाईवे स्थित ग्राम जेठमलपुर तिराहा के पास बैरियर लगाकर वाहनों की सघन चेकिंग शुरू की। करीब 20-25 मिनट बाद एक ट्रक (संख्या MP 33H 3042) को रोककर जांच की गई। चालक की पहचान हरिओम धाकड़ (38 वर्ष), निवासी शिवपुरी (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई।
प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने ट्रक में प्याज लदा होने की बात कही, जो नासिक से बिहार के दरभंगा मंडी जा रहा था। लेकिन जब पुलिस ने गहन तलाशी ली, तो प्याज की बोरियों के बीच छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
बरामदगी का विवरण:
- 24 पेटी (180 ml) – कुल 207.36 लीटर
- 202 पेटी (375 ml) – कुल 1818 लीटर
- 181 पेटी (750 ml) – कुल 1629 लीटर
कुल मिलाकर 407 पेटियों में 3654.36 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इसके साथ ही ट्रक में लदी 175 बोरी प्याज भी जब्त की गई।
पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में थाना सैयदराजा में मुकदमा अपराध संख्या 91/2026, धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


.jpeg)