चंदौली में गुरुवार को हुई दो बड़ी घटनाओं ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया। एक ओर सपा महिला जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल के साथ घर में घुसकर मारपीट की गई, वहीं दूसरी ओर अलीनगर थाना क्षेत्र के गोधना मोड़ पर सर्राफा व्यापारी को गोली मारकर बदमाश फरार हो गए।
चंदौली : जिले में गुरुवार को हुई दो बड़ी घटनाओं ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया। एक ओर सपा महिला जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल के साथ घर में घुसकर मारपीट की गई, वहीं दूसरी ओर अलीनगर थाना क्षेत्र के गोधना मोड़ पर सर्राफा व्यापारी को गोली मारकर बदमाश फरार हो गए। लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
सपा महिला जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल से घर में घुसकर मारपीट
मुगलसराय क्षेत्र के मड़िया पड़ाव में समाजवादी पार्टी की महिला जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल के साथ गुरुवार दोपहर घर में घुसकर बेरहमी से मारपीट की गई। आरोप है कि पांच लोगों ने उन्हें बाल पकड़कर करीब 10 मीटर तक घसीटा और लात-घूंसों से हमला किया। इस दौरान घर में मौजूद उनकी बहन और एक बुजुर्ग महिला से भी मारपीट की गई।
घटना में गार्गी सिंह पटेल गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनकी आंख और सिर में चोट आई है। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जमीन कारोबार को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, गार्गी सिंह पटेल जमीन कारोबार से जुड़ी हुई हैं। गुरुवार को उनके बिजनेस पार्टनर प्यारेलाल यादव अपने परिवार के साथ उनके घर पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
आरोप है कि प्यारेलाल यादव, उनके भाइयों मनोज यादव और अमित यादव समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने मिलकर हमला किया। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला नेता के साथ मारपीट और घसीटने की तस्वीरें कैद हुई हैं।
टेबल और लकड़ी के फट्टे से किया हमला
वीडियो में देखा जा सकता है कि हमलावरों ने गार्गी सिंह पटेल को जमीन पर गिराकर पीटा। एक युवक ने कमरे में रखी टेबल उठाकर उनके सिर पर हमला किया, जिससे टेबल टूट गई। इसके अलावा लकड़ी के फट्टे से भी वार किए गए। करीब 4 मिनट तक चली इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़िता की ओर से व्हाट्सएप के जरिए शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
“महिला नेता घर में सुरक्षित नहीं तो आम जनता कैसे सुरक्षित” – सत्यनारायण राजभर
सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण Rajbhar ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि जिले में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि अगर एक महिला नेता अपने ही घर में सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है।
उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन को घटनाओं के लिए जिम्मेदार ठहराया।
गोधना मोड़ पर सर्राफा व्यापारी को गोली मारकर लूट
उधर, अलीनगर थाना क्षेत्र के गोधना मोड़ पर देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक सर्राफा व्यापारी को गोली मार दी। घायल व्यापारी अपनी ज्वैलरी शॉप बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तीन बदमाशों ने उन्हें रोककर बैग छीनने का प्रयास किया।
विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिससे व्यापारी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात के बाद बदमाश बैग लेकर फरार हो गए।
ट्रॉमा सेंटर रेफर, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यापारी को जिला अस्पताल भेजा गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
लगातार दूसरे दिन सर्राफा कारोबारियों को निशाना बनाए जाने से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए कई टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

.png)


.jpeg)