कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जनपद प्रभारी मंत्री और उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड ने डबल इंजन सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का लेखा-जोखा पेश किया।
- कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी मंत्री ने गिनाईं डबल इंजन सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियां
- स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास और बुनियादी ढांचे के दम पर चन्दौली बना विकास का मॉडल
- बुनियादी ढांचा और प्रमुख निर्माण कार्य चन्दौली की एक नई पहचान
चंदौली। केन्द्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान थीम के तहत जनपद चन्दौली में विकास की नई इबारत लिखी गई है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक भव्य प्रेस वार्ता के दौरान जनपद के प्रभारी मंत्री और उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय राज्य मंत्री (समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण) संजीव कुमार गोंड ने डबल इंजन सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का लेखा-जोखा पेश किया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में चन्दौली आज आकांक्षी जनपदों की सूची में अग्रणी स्थान पर है। नीति आयोग की रैंकिंग में चन्दौली ने कई बार देश में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रशासनिक कुशलता का लोहा मनवाया है।
उन्होंने कहा जनपद में कनेक्टिविटी और चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए अरबों रुपये की परियोजनाओं को धरातल पर उतारा गया है। ₹274 करोड़ की लागत से बाबा कीनाराम स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय और ₹16.39 करोड़ से ट्रामा सेन्टर का निर्माण किया गया है। ₹1294 करोड़ की लागत से 242 सड़कों और ₹618 करोड़ से 12 बड़े सेतुओं का निर्माण कार्य कराया गया है।
इसके साथ ही ₹949 करोड़ की लागत से वाराणसी रिंग रोड फेज-2 और ₹994 करोड़ से 6-लेन वाराणसी-रांची-कोलकाता ग्रीनफील्ड हाईवे का निर्माण गति पकड़ रहा है। जल जीवन मिशन के तहत ₹19,522 करोड़ की भारी-भरकम राशि से 1498 राजस्व ग्रामों में पाइपलाइन द्वारा पेयजल पहुँचाया जा रहा है। जनपद के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों राजदरी-देवदरी (₹4.19 करोड़), औरवाटांड, छानथापर और बाबा कीनाराम स्थल (₹18.37 करोड़) का सुंदरीकरण कर इन्हें नई पहचान दी गई है।
स्वास्थ्य और लोक कल्याण हर वर्ग को मिला सम्मान
जनपद के 5,70,762 लाभार्थियों को आयुष्मान गोल्डन कार्ड देकर मुफ्त इलाज की सुविधा दी गई।4.94 लाख महिलाओं और 4.71 लाख बच्चों का टीकाकरण किया गया, जबकि 2.37 लाख से अधिक महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना का लाभ मिला। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत रिकॉर्ड 14,70,160 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें लाभान्वित किया गया।
जनपद के 2,75,775 किसानों के खातों में ₹895 करोड़ की 'प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि' सीधे ट्रांसफर की गई। मनरेगा के तहत 370.24 लाख मानव दिवस का सृजन करते हुए ₹1,16,011.14 लाख की धनराशि व्यय की गई, जिसने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 13,735 महिला स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया। जनपद में 490 बीसी सखी और 269 विद्युत सखियां ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय सेवाएं दे रही हैं।
उन्होंने कहा जनपद में आवास योजनाओं के तहत क्रांति आई है। ₹638 करोड़ से 49,118 प्रधानमंत्री आवास (ग्रामीण), ₹241 करोड़ से 9,662 प्रधानमंत्री आवास (शहरी) और ₹119 करोड़ की लागत से 9549 मुख्यमंत्री आवासों का निर्माण कर गरीबों को छत दी गई।
वृद्ध, दिव्यांग और निराश्रित महिलाओं को संबल देते हुए 1.05 लाख से अधिक बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन और 38 हजार से अधिक महिलाओं को निराश्रित महिला पेंशन दी जा रही है। साथ ही लाखों पिछड़े, अनुसूचित जाति/जनजाति और सामान्य वर्ग के छात्रों को पूर्वदशम व दशमोत्तर छात्रवृत्ति से लाभान्वित किया गया।
उन्होंने कहा आपरेशन कायाकल्प के तहत 1182 प्राथमिक विद्यालयों का जीर्णोद्धार किया गया। जनपद के 359 स्कूलों में स्मार्ट क्लास और 70 विद्यालयों में नीति आयोग के PAL-TABLAB कार्यक्रम का संचालन हो रहा है। पंचायती राज विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में 3,31,762 व्यक्तिगत शौचालय और 700 सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कराया गया।
प्रभारी मंत्री ने कहा सम्बोधित करते हुए कहा "डबल इंजन की सरकार जाति, धर्म से ऊपर उठकर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मंत्र के साथ पहुँच रही है। चन्दौली का यह विकास मॉडल इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है।"
प्रेस वार्ता के दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में सैयदराजा विधायक माननीय सुशील सिंह, जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई, और प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के सम्मानित पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।


