उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद के बरठी गांव के मूल निवासी एवं रेलवे बोर्ड (RB) में कार्यरत वरिष्ठ अधिकारी महेश्वर सिंह को भारत सरकार के रेल मंत्रालय (रेलवे बोर्ड) द्वारा एक महत्वपूर्ण पदोन्नति प्रदान की गई है।
नयी दिल्ली / चंदौली/ बरठी। उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद के बरठी गांव के मूल निवासी एवं रेलवे बोर्ड (RB) में कार्यरत वरिष्ठ अधिकारी महेश्वर सिंह को भारत सरकार के रेल मंत्रालय (रेलवे बोर्ड) द्वारा एक महत्वपूर्ण पदोन्नति प्रदान की गई है।
माननीय राष्ट्रपति की स्वीकृति के उपरांत जारी आदेश के अनुसार उन्हें HA (Higher Administrative) Grade प्रदान किया गया है। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे चंदौली जनपद और पूर्वांचल क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है।
रेल मंत्रालय, रेलवे बोर्ड द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि महेश्वर सिंह को 31 मार्च 2026 से गैर-कार्यात्मक (Non-Functional) आधार पर HA ग्रेड प्रदान किया गया है। यह सम्मान उनकी दीर्घकालीन प्रशासनिक सेवाओं, उत्कृष्ट कार्यशैली और राष्ट्र निर्माण में योगदान को देखते हुए दिया गया है।
चंदौली और पूर्वांचल के लिए गौरव का क्षण
बरठी गांव के निवासी महेश्वर सिंह की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों तथा शुभचिंतकों ने इसे पूर्वांचल की प्रतिभा और क्षमता का प्रमाण बताया है। उनके इस सम्मान से युवा पीढ़ी को भी उच्च प्रशासनिक और सरकारी सेवाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलेगी।
हरवंश पटेल ने दी हार्दिक शुभकामनाएं
पूर्वांचल राज्य जनांदोलन के कार्यकारी संयोजक एवं वरिष्ठ पत्रकार हरवंश पटेल ने महेश्वर सिंह को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि चंदौली के बरठी गांव से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर इतनी बड़ी जिम्मेदारी निभाना पूरे पूर्वांचल के लिए सम्मान की बात है।
हरवंश पटेल ने कहा कि महेश्वर सिंह की यह सफलता क्षेत्र के युवाओं को यह संदेश देती है कि कड़ी मेहनत, ईमानदारी और समर्पण के बल पर देश के सर्वोच्च पदों तक पहुंचा जा सकता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी महेश्वर सिंह अपने कार्यों से जनपद और प्रदेश का नाम रोशन करते रहेंगे।
क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल
महेश्वर सिंह को HA ग्रेड मिलने की खबर सामने आते ही क्षेत्र के लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देना शुरू कर दिया। सोशल मीडिया पर भी उनके सम्मान में शुभकामनाओं का सिलसिला जारी है।


