उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को बढ़ावा देने, युवाओं को रोजगार से जोड़ने और राज्य में पूंजी निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से "मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान" की शुरुआत की गई है।
- चन्दौली के युवाओं के लिए खुशखबरी, बिना ब्याज व गारंटी मिलेगा ₹5 लाख का बिजनेस लोन
- लोन के लिए किसी भी प्रकार की संपत्ति, जमीन या गारंटर की आवश्यकता नहीं होगी। यह पूरी तरह 'गारंटी-फ्री' है - उपायुक्त उद्योग उदय प्रकाश पासवान
- आकांक्षी जिला होने का मिलेगा लाभ
चंदौली। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को बढ़ावा देने, युवाओं को रोजगार से जोड़ने और राज्य में पूंजी निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से "मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान" की शुरुआत की गई है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत अगले 10 वर्षों में कुल 10 लाख (प्रतिवर्ष 1 लाख) नई सूक्ष्म इकाइयां स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसी क्रम में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए जनपद चन्दौली को 1,700 इकाइयों का लक्ष्य आवंटित किया गया है।
जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र, चन्दौली के उपायुक्त उद्योग उदय प्रकाश पासवान ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि उद्योग एवं सेवा क्षेत्र में नया व्यवसाय शुरू करने के लिए युवाओं को ₹5.00 लाख तक का ऋण बिना किसी गारंटी और बिना ब्याज के उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ₹5.00 लाख तक का ऋण 4 वर्षों के लिए पूरी तरह ब्याज मुक्त रहेगा, कुल परियोजना लागत का 10% अतिरिक्त सब्सिडी के रूप में दिया जाएगा, डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने के लिए ₹1.00 प्रति ट्रांजैक्शन (अधिकतम ₹2,000 प्रतिवर्ष) अतिरिक्त अनुदान मिलेगा। CGTMSE कवरेज का पूरा खर्च सरकार द्वारा वहन किया जाएगा, जिससे युवाओं को किसी बैंक गारंटी की आवश्यकता नहीं होगी।
आवेदन करने के लिए आवेदक उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना चाहिए, आयु सीमा 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए, न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं पास (इंटरमीडिएट या समकक्ष) आवश्यक है, आवेदक का स्वयं का अंशदान परियोजना लागत का 10 प्रतिशत रहेगा, पीएम स्वनिधि योजना को छोड़कर, आवेदक ने केंद्र या राज्य सरकार की किसी अन्य योजना से ब्याज या पूंजी सब्सिडी का लाभ न लिया हो।
उपायुक्त उद्योग उदय प्रकाश पासवान ने इच्छुक युवाओं से अपील की है कि योजना से संबंधित अधिक जानकारी या आवेदन की प्रक्रिया समझने के लिए किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र, चन्दौली में संपर्क कर सकते हैं।
