राज्यसभा सांसद श्रीमती साधना सिंह ने ई-लॉटरी के माध्यम से चयनित किसानों को निःशुल्क बीज मिनीकिट का वितरण किया।
कहा -सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील
चंदौली। किसान कल्याण केंद्र सदर में शनिवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें राज्यसभा सांसद श्रीमती साधना सिंह ने ई-लॉटरी के माध्यम से चयनित किसानों को निःशुल्क बीज मिनीकिट का वितरण किया। इस दौरान किसानों को चना के 40 पैकेट, सरसों के 15 पैकेट और तोरिया के 5 पैकेट (कुल 60 पैकेट) वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद साधना सिंह ने कहा कि सरकार लाभार्थीपरक योजनाओं को सीधे धरातल तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आगामी रबी फसलों के बीजों के लिए पोर्टल पर 2 जुलाई से ही बुकिंग शुरू कर दी गई थी।
अब तक जनपद में गेहूं के 48,120 पैकेट के सापेक्ष 36,227, चना के 1,538 के सापेक्ष 1,307, सरसों के 600 के सापेक्ष 457 और मसूर के 1,462 के सापेक्ष 655 पैकेट की बुकिंग हो चुकी है। उन्होंने किसानों का आह्वान किया कि 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध सामान्य बीजों व निःशुल्क मिनीकिट की अवशेष बुकिंग जल्द कराएं, ताकि समय से योजनाओं का लाभ मिल सके।
जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि जिले के सभी राजकीय बीज गोदामों पर चना (1019 पैकेट), मटर (150 पैकेट), सरसों (600 पैकेट), तोरिया (250 पैकेट), अलसी (960 पैकेट) और मसूर (758 पैकेट) के मिनीकिट पहुंचा दिए गए हैं। आवंटित लक्ष्य से अधिक आवेदन मिलने के कारण जिलाधिकारी की अध्यक्षता में ई-लॉटरी के माध्यम से किसानों का चयन किया गया है, जिन्हें जनप्रतिनिधियों द्वारा बीज दिए जा रहे हैं।
वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए डॉ. पूजा त्रिपाठी ने किसानों को दलहनी व तिलहनी फसलों में संतुलित उर्वरक, एनपीएस (NPS) और सल्फर के उपयोग की सलाह दी, जिससे फसल के उत्पादन और गुणवत्ता दोनों में वृद्धि हो सके।
इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी (कृषि) मिथिलेश सिंह, बीज गोदाम प्रभारी संजय कुशवाहा, किसान नरेंद्र प्रताप सिंह, यशवंत यादव, संजय उपाध्याय, सारनाथ, गीता देवी, शकुंतला, छोटे लाल समेत करीब 100 किसान उपस्थित रहे।
