चंदौली: FSDA का बड़ा एक्शन, नमकीन फैक्ट्री पर छापा और मशहूर मसाले पर लगा बैन

चंदौली: FSDA का बड़ा एक्शन, नमकीन फैक्ट्री पर छापा और मशहूर मसाले पर लगा बैन

FSDA ने चंदौली की नमकीन फैक्ट्री पर की छापेमारी, यूपी में मशहूर सब्जी मसाला की बिक्री पर रोक। मिलावटखोरों पर शासन का कड़ा प्रहार, लिए गए खाद्य सैंपल।

चंदौली औद्योगिक क्षेत्र में नमकीन फैक्ट्री पर खाद्य सुरक्षा विभाग (FSDA) की छापेमारी और खाद्य नमूनों की जांच
खास बातें :-

FSDA की ताबड़तोड़ कार्रवाई: चंदौली औद्योगिक क्षेत्र की नमकीन फैक्ट्री पर छापा

यूपी भर में मशहूर ब्रांड के सब्जी मसाले की बिक्री पर तत्काल रोक का आदेश

जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ पर सख्त रुख: नमूने लैब भेजे गए, मिलावटखोरों में मचा हड़कंप


पूर्वांचल न्यूज़ प्रिंट चंदौली ब्यूरो चीफ दिवाकर राय चंदौली : खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले खाद्य उत्पादकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। एक तरफ जहां उत्तर प्रदेश शासन के आदेश पर एक मशहूर ब्रांड के सब्जी मसाले की बिक्री पर पूरे प्रदेश में तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है, वहीं दूसरी ओर चंदौली जिले में विभागीय टीम ने औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक नमकीन फैक्ट्री पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है।

आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश (लखनऊ) के आदेशानुसार, अमेठी स्थित विनिर्माता 'राजेश फूड्स एंड कंज्यूमर्स प्रा० लि०' (गौरीगंज रोड, रायपुर फुलवारी, जनपद अमेठी) द्वारा निर्मित 'राजेश ब्रांड मिक्स मसाला पाउडर (सब्जी मसाला)' के बैच/लॉट नंबर 03 का नमूना पूर्व में कुशीनगर जिले से लिया गया था। प्रयोगशाला में जांच के बाद यह नमूना स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक और 'असुरक्षित' पाया गया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने इस संबंधित बैच/लॉट के मसाले की पूरे प्रदेश में बिक्री पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही, संबंधित निर्माता कंपनी को बाजार से इस असुरक्षित बैच के सभी पैकेट वापस (री-कॉल) लेने की प्रक्रिया शुरू करने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।


चंदौली औद्योगिक क्षेत्र में नमकीन फैक्ट्री पर खाद्य सुरक्षा विभाग (FSDA) की छापेमारी और खाद्य नमूनों की जांच


इसी कड़ी में, चंदौली जिले में भी खाद्य सुरक्षा विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.एन. त्रिपाठी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने औद्योगिक क्षेत्र फेस-2 स्थित 'साईं नमकीन इंडस्ट्रीज' पर अचानक छापा मारा।

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंद सिंह द्वारा मौके पर नमकीन निर्माण की प्रक्रिया और स्वच्छता का गहनता से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में नमकीन निर्माण स्थल पर भारी कमियां और अनियमितताएं पाई गईं, जिस पर विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए फैक्ट्री संचालक को सुधार हेतु नोटिस जारी किया है।

 इसके साथ ही, गुणवत्ता की जांच के लिए मौके से नमकीन के दो अलग-अलग नमूने (सैंपल) एकत्र कर विश्लेषण हेतु प्रयोगशाला प्रेषित कर दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से जिले के खाद्य कारोबारियों और मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले किसी भी कारोबारी को बख्शा नहीं जाएगा।आगे पढ़े चंदौली की पूरी खबर ..

(ताजा खबरों के लिए आप हमारे WhatsApp Channel को सब्सक्राइब जरूर करें) संबंधित खबरें पढ़ें :-