दो माह बाद विद्युत विभाग को याद आया गायब 25 केवीए ट्रांसफार्मर
2/21/2020 04:13:00 am
सकलडीहा/चन्दौली। विद्युत विभाग सकलडीहा को एक गायब 25 केवीए के ट्रांसफार्मर की चिंता अब सताने लगी है। यह गायब ट्रांसफार्मर दो माह पहले नरैना व बठ्ठी गांव के बॉर्डर पर लगाने के लिए भेजा गया था। विभागीय अधिकारी का कहना है कि नरैना गांव निवासी गोपाल पांडेय के घर के पास लगाया गया ट्रांसफार्मर जल गया था। वहां नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए विद्युत विभाग ने भेज दिया। मगर दो माह बाद तक विभाग को जानकारी उपलब्ध नहीं हो पाई कि वह ट्रांसफार्मर कहां लगाया गया है। अभी तक इन गांवों के ग्राम प्रधानों ने भी विभाग को यह जानकारी उपलब्ध नहीं कराई है कि उक्त ट्रांसफार्मर कहां लगा है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि 25 केवीए के गायब ट्रांसफार्मर के मामले में अपने हिसाब से अनावश्यक जगह पर अगर ट्रांसफार्मर लगा होगा तो उन लोगों को भी चिन्हित कर कारवाई की जाएगी। विद्युत विभाग के इस कारवाई करने की भनक से ग्रामीणों में हड़कंप मचा हुआ है।
