Chandauli: इमिलिया गांव के प्रधान का वित्तीय अधिकार सीज, अब तीन सदस्यीय टीम करेगी काम

Chandauli: इमिलिया गांव के प्रधान का वित्तीय अधिकार सीज, अब तीन सदस्यीय टीम करेगी काम


चंदौली। बरहनी ब्लाक के इमिलिया गांव के प्रधान अनुज सिंह का वित्तीय अधिकार जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने शुक्रवार को सीज कर दिया है। गांव का विकास सुचारू चलाने के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की है। गांव के विकास में अनियमितता पर यह कार्रवाई की गई है। इमिलिया गांव के ग्राम प्रधान अनुज सिंह  ग्राम प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष भी हैं।  
ग्रामीणों ने गांव में तालाब के घाट निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों में अनियमितता के आरोप लगाए थे। इसको लेकर जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल को प्रार्थना पत्र भी दिया था। साथ ही उच्च न्यायालय में भी रिट दाखिल की थी। डीएम ने मामले की जांच के लिए डीडीओ, सीवीओ व निर्माण खंड के सहायक अभियंता समेत अधिकारियों की तीन सदस्यीय समिति गठित की थी। पहली जांच में एक लाख से अधिक की अनियमितता पाई गई। ग्राम प्रधान ने भी इसके खिलाफ न्यायालय का दरवाजा खटकटाया था। इस पर मामला लटक गया था। जिला प्रशासन की ओर से दूसरी बार जांच के लिए डीआइओएस, एक्सईएन लोक निर्माण व वित्त व लेखाधिकारी को जांच सौंपी थी। दूसरी जांच में भी अनियमितता साबित हुई। इस पर जिलाधिकारी ने शुक्रवार को ग्राम प्रधान का वित्तीय अधिकार सीज कर दिया। साथ ही विकास कार्यों की निगरानी के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी है।
Tags