UP CRIME: बुलंदशहर के साधुओं की हत्या की गुत्थी सुलझी, क्या चिमटा चोर ही है हत्यारा !

UP CRIME: बुलंदशहर के साधुओं की हत्या की गुत्थी सुलझी, क्या चिमटा चोर ही है हत्यारा !


लखनऊ, News Desk: यूपी के बुलंदशहर में सोमवार की देर रात दो साधुओं की मंदिर परिसर में ही धारदार हथियार से हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया। सुबह जब साधुओं के हत्या किए जाने का मामला सामने आया तो प्रशासनिक अमले से लेकर राजनीतिक गलियारे में हड़कंप मच गया। महाराष्ट्र के पालघर में हुई साधु की हत्या के मामले देशभर में फैले प्रतिरोध अभी रुक भी नहीं कि यह दूसरी घटना घट गई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए पुलिस को मामले का जल्द से जल्द खुलासा करने का आदेश दिया। 
                                                                  दो दिन पहले किसने गायब किया था साधुओं का चिमटा: 
बुलंदशहर एसएसपी संतोष कुमार सिंह कहते हैं कि कि अनूपशहर के पगोना गांव में 2 साधुओं की हत्या के मामले में गांव के ही एक युवक को नशे की हालत में पुलिस ने घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर दूसरे गांव से अर्द्धनग्न अवस्था में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर घटना के पर्दाफाश करने में जुटी हुई है। बताया जाता है कि 2 दिन पूर्व आरोपी युवक ने साधुओं का चिमटा गायब कर दिया था, जिसको लेकर साधुओं ने नाराजगी जताई थी। पुलिस ने इसी बात से क्षुब्ध होकर उक्त युवक द्वारा दोनों साधुओं की हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की है। पुलिस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।
                                                                 क्या है साधुओं के हत्या की पूरी कहानी:
बुलंदशहर के अनूपशहर कोतवाली के गांव पगोना में स्थित शिव मंदिर पर करीब 10 वर्षों से साधु जगनदास (55 वर्ष) और सेवादास (35 वर्ष) रहते थे। दोनों साधु मंदिर में रहकर पूजा करते थे। सोमवार की देर रात मंदिर परिसर में ही दोनों साधुओं की धारदार हथियारों से प्रहार कर हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह जब ग्रामीण मंदिर में पहुंचे तो उन्हें साधुओं के खून से लथपथ शव पड़े मिले। जानकारी मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने एक युवक पर शक जाहिर किया। तब पुलिस उसकी तलाश में जुट गई थी। पुलिस ने उसे दो किलोमीटर दूर दूसरे गांव से अर्द्धनग्न अवस्था में गिरफ्तार कर लिया है.                                                                          उद्धव ठाकरे ने किया योगी पर पलटवार, कसा तंज: बुलंदशहर में सोमवार देर रात दो साधुओं की मंदिर परिसर में हत्या के बाद राजनीति गरमा गई है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात की है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। माना जा रहा है कि उद्धव ठाकरे का यह योगी पर पलटवार है। क्योंकि पिछले दिनों महाराष्ट्र के पालघर में दो साधुओं और उनके ड्राइवर की लिंचिंग के बाद योगी ने उद्धव को फोन करके दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। बीते 17 अप्रैल को महाराष्ट्र के पालघर में दो साधु और एक ड्राइवर की करीब 200 लोगों की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। भीड़ ने इको वैन में बैठे दोनों साधु और उनके ड्राइवर को चोर समझ लिया था और फिर उनकी पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी।                                                      साधू हत्याकांड में राजनीति करने से बचे योगी सरकार: बुलंदशहर में दो साधुओं की हत्या के मामले में विपक्ष ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को घेरा है। जहाँ प्रियंका गांधी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है वहीं अखिलेश यादव ने कहा है कि इस घटना में राजनीति न की जाए। सपा और कांग्रेस दोनों दलों ने इस हत्याकांड की गहराई से जांच की मांग की है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाये और सच्चाई सामने लाई जाये। साथ ही उन्होंने कहा कि मामले का राजनीतिकरण न हो। कांग्रेस नेता ने ट्वीट करके अपनी नाराजगी जाहिर की।उन्होंने ट्वीट किया कि अप्रैल के पहले 15 दिन में यूपी में 100 लोगों की हत्या हुई है। इससे पहले एटा में एक ही परिवार के पांच लोग संदिग्ध रूप से मृत अवस्था में मिले थे। क्या हुआ था उनके साथ..अबतक पता नहीं। यही नहीं समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भी राज्य सरकार से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।