कैमूर: बाइक की टक्कर में बुजुर्ग व्यवसाई की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
Harvansh Purvanchali6/12/2020 01:37:00 pm
,
By:Sanjay Malhotra दुर्गावती/ कैमूर: जनपद कैमूर के दुर्गावती थान के चेहरीया बाजार में शुक्रवार की सुबह करीब 8:00 बजे दो बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई.
जिसमें एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक चेहरीया निवासी एक किराना की दुकान चलाता था. मृतक का नाम दुलारचंद शाह 60 वर्ष बताए जा रहे हैं.
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुलारचंद प्रतिदिन की भांति शुक्रवार को भी सुबह अपनी दुकान खोलने के लिए अपने घर से बाइक लुना से बाजार जा रहे थे कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार बिना नंबर प्लेट के मोटरसाइकिल ने उनके बाइक में जोरदार टक्कर मार दिया. जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई और बाइक में जोरदार टक्कर मारने वाले लोग भी घायल हो गए. लेकिन उक्त घटना के बाद घायल लोग वहां से फरार हो गए.
मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ इकठ्ठी हो गई, लोगों ने जब उनके पास जाकर देखा तो उनकी मौत घटनास्थल पर हो गई थी. जबकि स्प्लेंडर सवार लोग भी घायल हो गए थे. इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने बवाल शुरू कर दिया.
दुर्गावती ककरैत पथ पर शव को रखकर सड़क जाम कर दिए और सरकार से मृतक परिजनों को मुआवजा देने की मांग करने लगे थे. इसकी सूचना जैसे ही दुर्गावती पुलिस को मिली तो आनन-फानन में दुर्गावती थाना अध्यक्ष संजय कुमार मौके पर पहुंचे. फिर ग्रामीणों को आश्वासन देते हुए काफी समझा बुझा कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया है. खबर लिखे जाने तक घायल लोगों का नाम पता नहीं चल पाया है.