बैठक करते केंद्रीय मंत्री
दुर्गावती (कैमूर )। गुरुवार की दोपहर रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के दुर्गावती में एनडीए के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि एनडीए सबका साथ सबका विश्वास व सबका विकास को समर्पित है, यह डबल इंजन की सरकार चलती रहेगी।
केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री चौबे बक्सर संसदीय क्षेत्र के रामगढ़ विधानसभा के दुर्गावती में एनडीए कार्यकर्ताओं एवं जनता के साथ संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जनता का आशीर्वाद एनडीए के साथ है। बिहार में फिर से सुशासन की सरकार बनेगी।
आगे कहा कि केंद्र व राज्य ने हर सेक्टर में विकास किया है। कोरोना के मुश्किल घड़ी में भी कांग्रेस एवं राजद के लोग राजनीति करने से बाज नहीं आए।
दोनों पार्टियां को जब-जब सत्ता मिली। केवल और सिर्फ केवल जनता का शोषण करने का कार्य किया।
भ्रष्टाचार, जातिवाद, परिवारवाद एवं जंगलराज को बढ़ावा दिया है। इनका विकास से कोई लेना देना नहीं है। कांग्रेस और राजद गरीब कल्याण की बात करते हैं और उनका ही शोषण करते हैं। उनकी हक मारी करते हैं।
बिहार की जनता राजद व कांग्रेस के कारनामे को जानती है। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री चौबे ने आयुष्मान भारत एवं उज्जवला गैस योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे गरीब लोगों को काफी लाभ मिला है । गरीब कल्याण रोजगार अभियान के तहत जो प्रवासी भाई बिहार वापस लौटे हैं। उन्हें रूचि के अनुसार उनके गांव में ही काम दिलाने की व्यवस्था की गई।
source-संजय मल्होत्रा