वाह रे ! यूपी पुलिस: होमगार्ड के पुत्रों ने मजदूर को हॉकी-डंडे से पीटा, थाने पहुंचने पर पुलिस ने पीड़ित को ही मारा थप्पड़

वाह रे ! यूपी पुलिस: होमगार्ड के पुत्रों ने मजदूर को हॉकी-डंडे से पीटा, थाने पहुंचने पर पुलिस ने पीड़ित को ही मारा थप्पड़

दबंगों की मार खाये पीड़ित व्यक्ति जब थाने पहुंचा तो उस गरीब मजदूर को न्याय दिलाने के बजाय पुलिस पीड़ित को ही थप्पड़ जड़ने लग गई। लाचार हो पीड़ित मजदूर ने सीओ और एसपी से न्याय की गुहार लगाई है |

थाने पहुंचने पर पुलिस ने पीड़ित को ही मारा थप्पड़

चंदौली, सकलडीहा। अभी जिले में मनराजपुर कांड में पुलिस की किरकिरी हो ही रही है कि सकलडीहा सीओ सर्किल के धानापुर थाना क्षेत्र के हिंगुतरगढ़ गांव में एक मई की शाम को होमगार्ड जवान के दो पुत्रों सहित चार दबंगों ने एक मजदूर की हॉकी डंडे से पिटाई कर लहुलुहान कर दिया। दबंगों की मार खाये पीड़ित व्यक्ति जब थाने पहुंचा तो उस गरीब मजदूर को न्याय दिलाने के बजाय पुलिस पीड़ित को ही थप्पड़ जड़ने लग गई। लाचार हो पीड़ित मजदूर ने सीओ और एसपी से न्याय की गुहार लगाई है।

धानापुर थाना क्षेत्र के हिंगुतरगढ़ गांव निवासी मजदूर अनिल कुमार पहली मई की शाम निदिलपुर गांव निवासी असमान राम के घर से मजदूरी करके लौट रहा था। अभी वह अपने गांव पहुंच ही रहा था कि गांव के बाहर मेटी सिंह के बगीचे के पास घात लगाए बैठे हिंगुतरगढ़ निवासी होमगार्ड शिवबालक राम के दो पुत्र आशू व शक्तिमान अपने दबंग दोस्तों विशाल राम और शशि के साथ मिलकर हॉकी डंडे से उसपर हमला बोल दिए। जब तक अनिल कुछ समझ पाता तब तक वह लहूलुहान हो गया था। इस घटना में उसे सिर, दोनों हाथ तथा पीठ पर गहरी चोटें आई हैं। 

धानापुर थाना क्षेत्र के हिंगुतरगढ़ गांव निवासी मजदूर अनिल कुमार

आरोप है कि होमगार्ड पुत्रों द्वारा बेरहमी से की गई पिटाई के बाद जब अनिल धानापुर थाने पहुंचा तो वहां मौजूद पुलिस ने उसकी फरियाद नहीं सुनी। अलबत्ता उसे ही कई थप्पड़ जड़ दिए। लाचार हो वह घर लौट आया और फिर डायल 112 पर शिकायत दर्ज कराई। जिसके उपरांत 112 पुलिस आई और पीड़ित को इलाज के लिए कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। फिर प्राथमिक उपचार होने के बाद उसे घर भिजवाया। 

अनिल ने बताया कि धानापुर पुलिस ने उसकी एफआईआर लिखने के बजाय उसे ही कई थप्पड़ जड़ दिए। और यह कहते हुए थाने से भगा दिया कि इनमें से दो लड़के होमगार्ड के पुत्र हैं। सुलह समझौता कर डालो नहीं तो तुम्हें भी अंदर कर देंगे। अनिल का कहना है कि पुलिस का यह दुर्व्यवहार उसे कानून के प्रति उसकी आस्था से विचलित कर रहा है। इस बावत सीओ अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी।

Purvanchal News Print की यह खबर आपको कैसी लगी, कमेंट बॉक्स में अवश्य बताएं। खबर टॉपिक को अपना सुझाव दें।