अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय वाणिज्य व उद्योग राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने मिशन 2024 की तैयारियां तेज कर दी हैं |
अपना दल (एस) ने मिशन 2024 का किया शंखनाद |
👉राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय वाणिज्य व उद्योग राज्य मंत्री ने संगठन मजबूत करने के लिए सदस्यता अभियान की शुरुआत की
लखनऊ। अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय वाणिज्य व उद्योग राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने मिशन 2024 की तैयारियां तेज कर दी हैं। उन्होंने संगठन मजबूत करने की दिशा में मंगलवार से कदम बढ़ा दिया है। उन्होंने सदस्यता अभियान की शुरुआत करते हुए उप्र के सभी मंडलों में सदस्यता प्रभारियों की घोषणा कर दी है।
अपना दल (एस) ने लोकसभा चुनाव 2024 में बेहतर परिणाम के लिए लखनऊ के कैसरबाग स्थित गांधी भवन प्रेक्षागृह में आज बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने मिशन 2024 की तैयारी में सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया।
अभियान को गति देने के लिए उन्होंने प्रदेश के सभी 18 मंडलों में सदस्यता प्रभारियों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन सदस्यता प्रभारियों की देखरेख में ही मंडलों में सदस्यता अभियान को जमीन पर धार दी जाएगी और जोन अध्यक्ष से लेकर विधानसभा अध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष की नियुक्ति की जाएगी। यह प्रक्रिया अक्टूबर महीने तक पूरी कर ली जाएगी।
इस अवसर पर पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने पार्टी संगठन की मजबूती को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है। केंद्रीय मंत्री ने मिशन 2024 की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं को 24 घंटे मेहनत करने का मंत्र दिया है।
उन्होंने कहा कि सभी जनपदों में वृहद रूप से सदस्यता अभियान को चलाया जाएगा एवं सभी जनपदों के तुलनात्मक आंकड़ों के आधार पर जिलाध्यक्षों का परफॉर्मेंस रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जाएगा। अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष का कार्यकाल दो साल निर्धारित किया गया है। दो साल बाद जिलाध्यक्ष का कार्यकाल स्वतः समाप्त हो जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष प्रतापगढ़ सदर के पूर्व विधायक राजकुमार पाल ने तथा संचालन कार्यवाहक राष्ट्रीय सचिव केके पटेल ने किया।
Source- News agency