बीते पांच वर्षों के दौरान शिक्षा मंत्रालय ने छह नए केंद्रीय विश्वविद्यालयों की स्थापना की है। राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुभाष सरकार ने यह जानकारी दी।
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने बुधवार को बताया कि बीते पांच वर्षों के दौरान शिक्षा मंत्रालय ने छह नए केंद्रीय विश्वविद्यालयों की स्थापना की है।
बुधवार को राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुभाष सरकार ने यह जानकारी दी कि 30 अप्रैल 2020 को लागू हुए केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय अधिनियम, 2020 के माध्यम से तीन डीम्ड विश्वविद्यालयों को केंद्रीय विश्वविद्यालय में परिवर्तित कर दिया गया है।
इस छह नए केंद्रीय विश्वविद्यालयों की सूची में आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में आंध्र प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय, आंध्र प्रदेश के विजयनगरम में आंध्र प्रदेश केंद्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, लद्दाख के खलत्सी में सिंधु केंद्रीय विश्वविद्यालय, दिल्ली के जनकपुर में केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय (सीएसयू), दिल्ली के कटवारिया सराय में श्री लालबहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय और आंध्र प्रदेश के तिरुपति में राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय शामिल हैं।
शिक्षा राज्य मंत्री ने बताया कि इन विश्वविद्यालयों से 18 हजार से अधिक छात्र उच्च शिक्षा की पढ़ाई कर रहे हैं या पढ़ाई करने की संभावना है।