प्रदेश के युवा कल्याण एवं खेल मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश यादव ने डीएम चन्दौली को लिखा था पत्र, बावजूद सैदपुर घाट से होकर तिरगावा, महमदपुर, वाया सरौली टांडा मार्ग की हालत में सुधार नहीं हो पाया
चन्दौली। सैदपुर घाट से होकर तिरगावा, महमदपुर, वाया सरौली टांडा मार्ग वर्षों से अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहे हैं। सड़क की गिट्टियां निकलकर दुर्घटना को दावत दे रहीं। आलम यह है कि गाड़ी से तो दूर, पैदल चलना मुश्किल है।
इस लिंक रोड की बदहाल हालत को दुरुस्त करने के लिए जमालपुर के युवा विकासशील ग्राम प्रधान ज्ञानी जैल सिंह ने 14 अक्टूबर, 2022 को प्रदेश के युवा कल्याण एवं खेल मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश यादव को मारूफपुर में ज्ञापन दिया था। जिसको गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए खेल मंत्री ने चन्दौली जिलाधिकारी को 19 अक्टूबर, 2022 को पत्र लिखकर उक्त संपर्क मार्ग को तत्काल ठीक करने का निर्देश दिया था। किंतु मंत्री जी का पत्र प्राप्त होने के बावजूद आज तक इस सड़क का पुरसाहाल लेने के लिए कोई सक्षम अधिकारी नहीं आया। बदहाल हालत में पड़ी इस सड़क पर आमजन के चलना दूभर हो गया है।
जमालपुर गांव के ग्राम प्रधान ज्ञानी जैल सिंह, पूर्व उप प्रमुख चहनियां रामअवध यादव, सुब्बा यादव, बिहारी लाल यादव कविजी, सर्वजीत यादव, संतोष विश्वकर्मा, प्रेमनारायण यादव, पूर्व प्रधान साधवनन्द यादव, सरौली के पूर्व प्रधान दशमी यादव, पूर्व प्रधान बाबूराम यादव, नौशाद अहमद सबलू, रामसूरत यादव, सैयद सरफराज पहलवान, सुहेल अहमद, राजेश यादव बीडीसी, रोरी यादव, राजेश यादव, मेहनाज अहमद, अलीशेर अहमद, गीतकार आशीष विशाल, अशोक यादव, अवनीश उर्फ बलिस्टर यादव आदि लोगों ने जनहित में अतिशीघ्र उक्त संपर्क मार्ग को ठीक कराने की मांग की है।