संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों से एक-एक कर उनकी समस्या से अवगत होकर मौके पर संबंधित अधिकारीगण को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देश दिए।
- शिकायतों का गुणवत्तापरक, समयबद्ध निस्तारण टाइम लाइन में करें अफसर : जिलाधिकारी
पूर्वांचल न्यूज़ प्रिंट /ब्यूरो चीफ दिवाकर राय चंदौली |
जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे ने शनिवार को तहसील सकलडीहा सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों से एक-एक कर उनकी समस्या से अवगत होकर मौके पर संबंधित अधिकारीगण को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी समस्याओं को लेकर फरियादियों को तहसील का चक्कर बिल्कुल न लगाना पड़ें इसमें कोई भी लापरवाही मिली तो तत्काल जवाबदेही तय होगी।
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी से कहा कि अगले दिवस पर फरियादियों से बेहतर फीडबैक मिले इसके लिए निष्पक्षतापूर्वक त्वरित समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करें।
आज तहसील सकलडीहा में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जन समस्याओं को सुनकर कुछ का मौके पर निस्तारित किया। अवशेष प्रार्थना पत्रों को सम्बंधित अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तायुक्त एवं संतुष्टिपरक निस्तारण हेतु निर्देशित किया। @UPGovt @CMOfficeUP @InfoDeptUP @ChiefSecy_UP pic.twitter.com/K6IrXG8zQ9
— DM CHANDAULI (@dmchandauli) July 5, 2025
संपूर्ण समाधान दिवस में कुछ फरियादियों द्वारा भूमि विवाद के निस्तारण में कानूनगो महेश सोनकर क्षेत्र खंडवारी तथा ओम प्रकाश का क्षेत्र सकलडीहा द्वारा लापरवाही तथा लेखपाल जितेन्द्र यादव क्षेत्र महाईच द्वारा अंश निर्धारण में लापरवाही की जानकारी दी गई। जिसपर जिलाधिकारी ने संबंधित को फटकार लगाते हुये कारण बताओ नोटिस जारी करने हेतु उप जिलाधिकारी को निर्देशित किया तथा तत्काल समस्या का समाधान करने को कहा।
जिलाधिकारी ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरी संवेदनशीलता के साथ जनसमस्याओं का निस्तारण करते हुए गरीब व पीड़ित व्यक्तियों को तत्काल न्याय दिलाते हुए उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। कहा कि जनसमस्याओं का निस्तारण शासन की प्राथमिकताओं में है, इसलिए सभी अधिकारी रूचि लेकर गुणवत्तायुक्त ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करे। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नही होगी। भूमि संबंधी मामलों में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीमें मौके पर जाकर गुणवत्तापरक निस्तारण करें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 244 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये, जिसमें 17 शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ, शेष को सम्बन्धित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण हेतु उपलब्ध करा दिया गया।
इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ वाई के राय, उप जिलाधिकारी सकलडीहा कुंदन राज कपूर, पुलिस क्षेत्राधिकारी क्षेत्राधिकारी रघुराज जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार,अधिशासी अभियंता विद्युत, तहसीलदार,नायब तहसीलदार एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।