जनपद में कल यानि 20 फरवरी 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे से एक वृहद ऋण शिविर का आयोजन किया जाएगा।
20 फरवरी को, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत वृहद ऋण शिविर होगा आयोजित
पूर्वांचल न्यूज प्रिंट / चंदौली। जनपद में कल यानि 20 फरवरी 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे से एक वृहद ऋण शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर विकास खंड नियामताबाद के सभागार में आयोजित होगा। उपायुक्त उद्योग अधिकारी उदय प्रकाश पासवान ने यह जानकारी दी।
इस शिविर का मुख्य उद्देश्य कृषि और एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम) से संबंधित केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, विशेषकर मुख्यमंत्री युवा उद्यम विकास अभियान के तहत ऋण स्वीकृत और वितरित करना है। उत्तर प्रदेश में माननीय मुख्यमंत्री जी के मंशानुसार मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (MYUVA) के तहत युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 5 लाख रुपये तक का ब्याज-मुक्त और बिना गारंटी वाला ऋण प्रदान कर रही है। इस योजना के अंतर्गत वृहद ऋण शिविर आयोजित कर युवाओं को व्यवसाय स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता दी जा रही है।
शिविर में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों द्वारा निर्मित उत्पादों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। सीएम युवा योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार लाभार्थियों को ऋण वितरित किए जाएंगे।
इसके साथ ही, योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार समाचार पत्रों, रेडियो और टीवी चैनलों के माध्यम से किया जाएगा। लाभार्थियों को सीएम युवा मोबाइल ऐप से जुड़ने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।

